भारत रत्न से सम्मानित वैज्ञानिक सीएनआर राव को मिलेगा प्रथम शेख सौद अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार
भारत रत्न से सम्मानित प्रख्यात वैज्ञानिक सीएनआर राव को प्रथम शेख सौद अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चुना गया है।
बेंगलुरु, प्रेट्र। भारत रत्न से सम्मानित प्रख्यात वैज्ञानिक सीएनआर राव को प्रथम शेख सौद अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चुना गया है। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की संस्था सेंटर फॉर एडवांस मैटेरियल द्वारा उन्हें यह पुरस्कार मैटेरियल रिसर्च के लिए दिया जाएगा।
जवाहरलाल नेहरू सेंटर फॉर एडवांस साइंटिफिक रिसर्च (जेएनसीएएसआर) ने यहां एक बयान में बताया, 'पुरस्कार के लिए प्रो राव का चयन कमेटी ने सर्वसम्मति से किया है।' उन्हें पुरस्कार के रूप में एक प्रशस्ति पत्र, मेडल और एक लाख अमेरिकी डॉलर (करीब 71 लाख रुपये) दिए जाएंगे।
प्रो राव को यह अवार्ड 25 फरवरी को यूएई के रास अल खैमा में एडवांस मैटेरियल्स पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला में दिया जाएगा। वहां के शासक शेख सौद खुद राव को यह पुरस्कार देंगे।
प्रो राव नेशनल रिसर्च प्रोफेसर, लाइनस पॉलिंग रिसर्च प्रोफेसर और जवाहरलाल नेहरू सेंटर फॉर एडवांस साइंटिफिक रिसर्च के मानद अध्यक्ष हैं। उन्हें वर्ष 2014 में देश का सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न दिया गया था।