Drug case: बॉलीवुड एक्टर विवेक ओबेरॉय के घर पर छापेमारी, आदित्य अल्वा की थी तलाश
Drug case ड्रग मामले में वांटेड आदित्य अल्वा बॉलीवुड अभिनेता विवेक ओबेरॉय की पत्नी के भाई हैं और इसलिए बेंगलुरु सेंट्रल क्राइम ब्रांच की पुलिस टीम ने उनके मुंबई स्थित आवास पर छापा मारा है। आरोपी करार दिए जाने के बाद से आदित्य फरार हैं।
बेंगलुरु, प्रेट्र। बेंगलुरु पुलिस ने गुरुवार को बॉलीवुड अभिनेता विवेक ओबेरॉय ( Vivek Oberoi) के मुंबई स्थित आवास पर छापा मारा। यह छापेमारी उनकी पत्नी के भाई आदित्य अल्वा ( Aditya Alva) की तलाशी के क्रम में हुई जो ड्रग मामले में वांटेड है। आदित्य के खिलाफ केस दर्ज होने के बाद से वह फरार हैं। बेंगलुरु सेंट्रल क्राइम ब्रांच ने कोर्ट वारंट के साथ विवेक के घर की तलाशी ली।
मिली थी अल्वा की मौजूदगी की सूचना
पुलिस ने बताया कि अल्वा विवेक के रिश्तेदार हैं और हमें सूचना मिली थी कि वो विवेक के घर पर हैं इसलिए हम यहां पहुंचे हैं। इसके लिए पुलिस ने कोर्ट से वारंट लिया था। 'सैंडलवुड ड्रग मामले' में कई बड़े नाम आ चुके हैं। सेंट्रल क्राइम ब्रांच ने कहा कि सर्च वारंट हासिल कर हेब्बल के समीप 'हाउस ऑफ लाइफ' नाम वाले आदित्य अल्वा के बंगले पर भी पिछले माह छापेमारी की गई। चार एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में फैले इस बंगले में पार्टियां आयोजित की जाती थीं जिसमें कन्नड़ फिल्म की बड़ी हस्तियां शामिल होती थीं।
पूर्व मंत्री जीवराज अल्वा के बेटे हैं आदित्य अल्वा
ड्रग मामले में आरोपी आदित्य अल्वा पूर्व मंत्री दिवंगत जीवराज अल्वा के बेटे हैं और उनकी बहन प्रियंका अल्वा अभिनेता विवेक ओबरॉय की पत्नी हैं। उल्लेखनीय है कि कॉटनपेट पुलिस स्टेशन (Cottonpet police station) में मामला दर्ज होने के बाद से आदित्य अल्वा फरार हैं। उन्हें दिवंगत मुख्यमंत्री रामकृष्ण हेगड़े का दाहिना हाथ माना जाता था। दिवंगत जीवराज अल्वा फंडिंग इकट्ठा करने में अपनी कुशलता के लिए माने जाने जाते थे। वहीं आदित्य की मां नंदिनी अल्वा की गिनती भी राज्य के प्रतिष्ठित लोगों में होती है। वह एक प्रसिद्ध नृत्यांगना और इवेंट ऑर्गनाइजर हैं। वह बेंगलुरु हब्बा (बेंगलुरु फेस्ट) के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं। इस फेस्ट को 1999-2004 के बीच तत्कालीन मुख्यमंत्री एस.एम.कृष्णा के कार्यकाल के दौरान लॉन्च किया गया था। इससे बेंगलुरु को अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन करने में मदद मिली।