Coronavirus: बघेल ने छत्तीसगढ़ में अंतरराज्यीय बस सेवाओं पर अनिश्चितकाल के लिए लगाई रोक
हवाई यात्रा करने वालों को 14 दिन राज्य सरकार के माध्यम से संचालित पेड सेंटरों में क्वारंटाइन किया जाए।
रायपुर, राज्य ब्यूरो। छत्तीसगढ़ सरकार कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए सफर को लेकर सख्त है। राज्य सरकार ने अंतरराज्यीय सीमा को सील करने के साथ यात्री परिवहन सेवाओं पर अनिश्चितकाल के लिए रोक लगा दिया है। पड़ोसी राज्यों को इसकी लिखित सूचना भी भेज दी गई है। रेल और घरेलू विमान सेवा शुरू होने से सरकार की चिंता बढ़ी है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को केंद्रीय रेल और विमानन मंत्री को पत्र लिखा है।
हवाई और रेल यात्रियों के लिए 14 दिन क्वारंटाइन का प्रस्ताव
सीएम ने परिवहन सेवाओं को सावधानी और सुरक्षात्मक उपायों के साथ शुरू करने, यात्रियों का विवरण राज्यों के साथ साझा करने और सभी यात्रियों को 14 दिन क्वारंटाइन करने की सलाह दी है।
प्वाइंट टू प्वाइंट ही चलें ट्रेनें
रेल सेवा को लेकर बघेल ने रेल मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने कहा है कि श्रमिक स्पेशल ट्रेनों की तरह बाकी ट्रेनें प्वाइंट टू प्वाइंट यानी स्टेट टू स्टेट चलाई जाएं। यात्रियों का एक-दूसरे से संपर्क नियंत्रित करने के लिए अधिकतम दो स्टॉपेज रखे जाएं और शारीरिक दूरी के दृष्टिकोण से यात्रियों की संख्या निर्धारित क्षमता से कम रखी जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा- यात्रियों को सभी श्रेणी के किराए में रियायत दे केंद्र
उन्होंने मानवीय आधार पर यात्रियों को सभी श्रेणी के किराए में रियायत देने का आग्रह भी किया है। सीएम ने कहा है कि यात्रियों की संख्या नियंत्रित रखने से स्क्रीनिंग करने में मदद मिलगी। यात्रा के क्रम में चेन पुलिंग जैसी घटनाओं को रोकने, चेन पुलिंग को डिसेबल किया जाए। चेन पुलिंग को किसी भी स्थिति में अनुमति न दी जाए व सख्त कार्यवाही की जाए। सीएम ने कहा है कि ट्रेन से आने वाले सभी को 14 दिन के क्वारंटाइन में रहना अनिवार्य किया जाए।
सभी उड़ान व यात्रियों का पूरा विवरण राज्यों को दिया जाए
घरेलू विमान सेवा शुरू किए जाने की सूचना पर सीएम बघेल ने नागरिक उड्यन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखा है। इसमें बघेल ने कहा है कि राज्यों को प्रत्येक उड़ान की जानकारी और यात्रियों का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए। हवाई यात्रा करने वालों को 14 दिन राज्य सरकार के माध्यम से संचालित पेड सेंटरों में क्वारंटाइन किया जाए। इसकी जानकारी यात्रियों को टिकट बुक करते समय ही दी जाए, ताकि वे नियमों से भलीभांति परिचित रहें। इससे राज्य सरकारों को कोविड-19 महमारी के नियंत्रण व बचाव के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने में सुविधा होगी।