अलीगढ़ में अजब गजब : हे विधाता, गायब हो गए 40 हजार मतदाता!
यह सुनने में भले ही अजीब लगे, लेकिन सच है। जिले से करीब 40 हजार मतदाता गायब हो गए हैं। आयोग ने जिले के 90 हजार मतदाताओं सूची भेजी थी, जिसमें तमाम कमियां थीं।
अलीगढ़ (सुरजीत पुंढीर)। यह सुनने में भले ही अजीब लगे, लेकिन सच है। जिले से करीब 40 हजार मतदाता गायब हो गए हैं। आयोग ने जिले के 90 हजार मतदाताओं सूची भेजी थी, जिसमें तमाम कमियां थीं। जून में भौतिक सत्यापन कराया गया तो इनमें से 51 हजार ही मिले। इनमें से 1223 ऐसे थे, जिनके नाम से दो वोट थे। 40 हजार मिले ही नहीं। अब पुनरीक्षण विशेष अभियान में इन्हें खोजा जा रहा है।
30 जून तक चलेगा अभियान
आयोग ने हर जिले की मतदाता सूची में 16 प्रकार की कमियां बताई थीं। इन कमियों वाले 90865 लोगों के नाम अपने जिले में भी भेजे गए थे। किसी का नाम गलत था तो किसी में फोटो। एक से 30 जून तक पुनरीक्षण अभियान चलाकर बीएलओ को इन मतदाताओं के भौतिक सत्यापन की जिम्मेदारी दी गई।
नहीं मिले मतदाता
बीएलओ ने डोर टू डोर सत्यापन किया तो करीब 51 हजार अपने ठिकानों पर पाए गए। बाकी नहीं मिले। अब एक सितंबर से लेकर चार जनवरी तक विशेष पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। इसमें बाकी 40 हजार मतदाताओं को खोजा जा रहा है।
1223 लोगों के दो वोट
पुनरीक्षण अभियान में 1223 लोग ऐसे मिले कि जिनके दो-दो वोट हैं। नोटिस जारी कर इनसे पूछा जा रहा है कि वे कौन सा वोट कटवाना चाहते हैैं।
वोट बढ़ाने को छह हजार आवेदन
22 दिन के अभियान में 13 दिन की रिपोर्ट आ चुकी है। इसमें 6341 लोगों ने वोट बढ़ाने को आवेदन किए हैं। 1066 वोट काटे गए हैं। 734 वोटों को दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया गया है।
बूथ पर नहीं मिले तो खैर नहीं
रविवार को विशेष अभियान चलेगा। इस दिन सभी बीएलओ अपने बूथ पर बैठेंगे। अफसर भी निरीक्षण करेंगे। वे रिपोर्ट डीएम को देंगे। कोई बीएलओ बूथ पर नहीं मिला तो उस पर कार्रवाई होगी। इस दिन कोई भी व्यक्ति बूथ पर जाकर मतदाता सूची से जुड़ा काम करा सकता है।
जिले की स्थिति
-कुल बूथ, 3020
-कुल मतदाता, 2567422
वोट बढ़ाने व घटाने का चल रहा काम
सहायक निर्वाचन अधिकारी पूरन चंद्र तिवारी का कहना है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। इसमें ऐसे लोगों को तलाशा जा रहा है, जो पिछले दिनों नहीं मिले थे। वोट बढ़ाने व घटाने का काम भी चल रहा है।