असम, मिजोरम सीमा पर शांति बनाने के लिए सहमत
गृह सचिव राजीव गौबा की अध्यक्षता में मंगलवार को बैठक हुई। दोनों राज्य सरकारों के मुख्य सचिवों ने बैठक में हिस्सा लिया।
नई दिल्ली, पीटीआइ। असम और मिजोरम की सरकारों ने दोनों राज्यों के अग्रिम इलाके पर स्थिति बहाल रखने का फैसला लिया है। इसके साथ ही दोनों राज्य अपनी सीमा पर शांति बनाए रखने पर सहमत हुए हैं। दोनों राज्यों के बीच सीमा को लेकर विवाद है। करीब एक पखवाड़ा पहले असम-मिजोरम सीमा पर बैराबी में हुई हिंसा के आलोक में यह बैठक बुलाई गई थी।
गृह सचिव राजीव गौबा की अध्यक्षता में मंगलवार को बैठक हुई। दोनों राज्य सरकारों के मुख्य सचिवों ने बैठक में हिस्सा लिया। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि दोनों राज्यों ने शांति बनाए रखने और मुद्दों का समाधान करने की प्रतिबद्धता जताई।
बैठक में स्थिति बहाल रखने का फैसला लिया गया। घटनास्थल पर लोगों को जमा नहीं होने दिया जाएगा। दोनों राज्य सरकारें अपने क्षेत्रों में शांति बनाए रखने के लिए सभी कदम उठाएंगी। गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव (उत्तरपूर्व), असम और मिजोरम सरकारों के प्रधान सचिव (गृह) का दल इलाके का दौरा करेगा। भारतीय सर्वेक्षण के अधिकारी दल की मदद करेंगे और केंद्रीय गृह मंत्रालय को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे।