Move to Jagran APP

सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने कहा, पहली बार मार्च महीने में नहीं चली एलओसी पर एक भी गोली

सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने कहा कि जम्मू और कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर मार्च के महीने में एक भी गोली नहीं चली है। करीब पांच-छह सालों में पहली बार सीमा पर एकदम शांति रही है।

By Arun Kumar SinghEdited By: Published: Thu, 25 Mar 2021 09:13 PM (IST)Updated: Thu, 25 Mar 2021 09:13 PM (IST)
सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने कहा, पहली बार मार्च महीने में नहीं चली एलओसी पर एक भी गोली
सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने कहा

 नई दिल्ली, प्रेट्र। सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने कहा कि जम्मू और कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर मार्च के महीने में एक भी गोली नहीं चली है। करीब पांच-छह सालों में पहली बार सीमा पर एकदम शांति रही है। हालांकि उन्होंने माना कि पाकिस्तान की तरफ आतंकियों के लांच पैड समेत समूचा आतंकी ढांचा जस का तस है। चूंकि पड़ोसी देश ने आतंकवाद का समर्थन करना लगातार जारी रखा है। 

loksabha election banner

एलओसी पर एक भी गोली नहीं चलना एक दुर्लभ घटना 

जनरल नरवणे ने गुरुवार को इंडिया इकनामिक कॉनक्लेव में पाकिस्तानी सेना के साथ संघर्षविराम पर हुई सहमति के प्रति उम्मीद जताते हुए कहा कि उन्हें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि मार्च के पूरे महीने में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर एक भी गोली नहीं चली है। यह एक दुर्लभ घटना है। यह भविष्य के लिए अच्छा संकेत है। 

पाकिस्तान की तरफ आतंकी लांच पैड समेत आतंकी ढांचा बरकरार

जनरल नरवणे ने कहा कि उनका मुख्य मुद्दा आतंकवाद को समर्थन रोकना है। जब तक यह रुकता नहीं है, आम दिनों के कामकाज जारी नहीं रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमें उनके रुख पर नजर रखते हुए इंतजार करना होगा। जब बर्फ पिघलने के बाद दर्रे खुल जाएंगे तभी साफ होगा कि पाकिस्तान शांति बनाए रखने के अपने वादे पर कायम है या नहीं। अगर हालात ऐसे ही सामान्य रहे तो भविष्य के लिए यह बेहद अच्छा संकेत होगा। उल्लेखनीय है कि पिछले महीने भारत और पाकिस्तान की सेनाओं ने नियंत्रण रेखा पर संघर्षविराम के वर्ष 2003 के समझौते का पालन करने पर सहमति जताई है। 

दोनों देशों के सैन्य अभियानों के महानिदेशकों ने सीजफायर कायम रखने पर सहमति जताई है। वह मानते हैं कि पाकिस्तान की अपनी आंतरिक समस्याएं भी हैं। और समय-समय पर हमें भी यह देखना चाहिए कि हमारी अपनाई रणनीति का कोई असर भी हो रहा है या नहीं। पिछले दिनों पाकिस्तानी जनरल बाजवा ने कहा था कि बीती बातों को दफन करने का समय आ गया है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.