खाली छतरी के नीचे सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा लगाने का मुद्दा अर्जुन मेघवाल ने 2010 में संसद में था उठाया
आज केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल (Arjun Ram Meghwal) ने कहा कि संसद में 15वीं लोकसभा के दौरान 15 मार्च 2010 को जार्ज पंचम की मूर्ति की जगह किसी भारतीय महापुरुष की मूर्ति की स्थापना हेतु अनुरोध किया था।
नई दिल्ली, एजेंसियां। आज सारा देश महान स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती मना रहा है। पिछले दिनों ही केंद्र सरकार ने इंडिया गेट पर सुभाष चंद्र बोस की भव्य प्रतिमा लगाए जाने की बात कही है। इसी को लेकर आज केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा, 'संसद में 15वीं लोकसभा के दौरान 15 मार्च 2010 को जार्ज पंचम की मूर्ति की जगह किसी भारतीय महापुरुष की मूर्ति की स्थापना हेतु अनुरोध किया था। मैं पीएम नरेन्द्र मोदी जी का धन्यवाद देता हूँ की आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया जा रहा है।' यह बात उन्होंने लोकसभा की एक पुरानी कार्यवाही का ट्विटर पर वीडियो शेयर करके कही है।
संसद में 15वीं लोकसभा के दौरान 15 मार्च 2010 को जॉर्ज पंचम की मूर्ति की जगह किसी भारतीय महापुरुष की मूर्ति की स्थापना हेतु अनुरोध किया था।मैं PMश्री @narendramodi जी का धन्यवाद देता हूँ की आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया जा रहा है। pic.twitter.com/3QofOuVrbV
— Arjun Ram Meghwal (@arjunrammeghwal) January 23, 2022
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आज 125वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इंडिया गेट पर उनकी होलोग्राम प्रतिमा (Hologram Statue) का अनावरण करेंगे। पीएम मोदी ने शुक्रवार को इंडिया गेट पर सुभाष चंद्र बोस की ग्रेनाइट से बनी भव्य प्रतिमा लगाए जाने का ऐलान किया था। पीएम ने यह भी कहा था कि जब तक वो प्रतिमा तैयार नहीं हो जाती तब तक उस जगह पर नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा मौजूद रहेगी। पीएम मोदी आज शाम को इस होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण करेंगे। प्रधानमंत्री ने आज इस अवसर पर ट्वीट कर नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर घोषित हो राष्ट्रीय अवकाश: ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए पीएम मोदी से 23 जनवरी को राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने की अपील की है। ममता बनर्जी ने कहा है कि पूरे देश के लोग अपने महान राष्ट्रनायक को श्रद्धांजलि दें, इसके लिए जरूरी है कि नेताजी जन्मदिवस के दिन राष्ट्रीय छुट्टी हो।