अमिताभ बच्चन अन्नदाताओं की मदद के लिए आए आगे, 1398 किसानों के बैंक कर्ज चुकाए
अमिताभ बच्चन महाराष्ट्र के अलावा आंध्र प्रदेश के सूखाग्रस्त इलाकों के किसानों के कर्जे माफ करने के लिए भी सहायता कर चुके हैं।
मुंबई, जेएनएन। देश के अन्नदाताओं की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। किसान समय-समय पर अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन भी करते रहते हैं। अब सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने किसानों की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं। अमिताभ ने महाराष्ट्र के बाद उत्तर प्रदेश के 1398 किसानों के बैंक कर्जे अदा कर दिए हैं। सोमवार देर रात पोस्ट अपने ब्लॉग में उन्होंने इस बात का दावा किया।
गौरतलब है कि अमिताभ ने कर्ज में डूबे महाराष्ट्र के लगभग 350 किसानों के कर्जे भरे थे और अपने फर्ज पर जान कुर्बान करने वाले सैन्य बलों के 44 जवानों के परिजनों की आर्थिक सहायता के लिए भी आगे आए थे। अमिताभ और उनकी पत्नी ने किसानों और शहीद जवानों के परिजनों को सहायता राशि सौंपी दी थी।
बिग बी के प्रवक्ता ने बताया कि अभिताभ बच्चन ने अपने गृह राज्य उप्र के लगभग 32 जिलों के 1398 किसानों के 4.05 करोड़ का कर्ज चुका दिया है। बैंक ऑफ इंडिया के साथ वन टाइम सेटलमेंट के तहत इन किसानों का कर्ज चुकाया गया है। अमिताभ बच्चन की ओर से इनमें से चुनिंदा 70 किसानों को 26 नवंबर को मुंबई बुलाया गया है, जहां बिग बी के हाथों उन्हें कर्ज चुकता किए जाने के पत्र सौंपे जाएंगे। अमिताभ बच्चे के दफ्तर में किसानों को पत्र सौंपे जाएंगे।
खास बात यह है कि इन किसानों के मुंबई आने-जाने की व्यवस्था भी बिग बी की तरफ से की गई और उनके लिए रेल का एक डिब्बा बुक किया गया है। अमिताभ ने ब्लॉग में लिखा है कि उनके लिए यह बहुत संतुष्टि का पल है कि महाराष्ट्र के बाद वह उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए थोड़ा कुछ काम कर पाए।
गौरतलब है कि अमिताभ बच्चन महाराष्ट्र के अलावा आंध्र प्रदेश के सूखाग्रस्त इलाकों के किसानों के कर्जे माफ करने के लिए भी सहायता कर चुके हैं। बिग बी समाजसेवा से जुड़े कार्यो में हमेशा आगे रहते हैं। वह कई सरकारी और गैरसरकारी सामाजिक योजनाओं से जुड़े रहे हैं।
हाल ही में यशराज की फिल्म ठग्स ऑफ हिंदोस्तां में पहली बार आमिर खान के साथ परदे पर नजर आए अमिताभ बच्चन अगले साल करण जौहर की कंपनी में अयान मुखर्जी की फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' में रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के साथ नजर आएंगे।