राकांपा ने कांग्रेस को दी महाराष्ट्र में गठबंधन तोड़ने की धमकी
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे का मसला राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी [राकांपा] और कांग्रेस के गठबंधन को दरका सकता है। राकांपा ने कांग्रेस के बराबर सीटें नहीं मिलने पर सभी सीटों पर अकेले दम चुनाव लड़ने की धमकी दी है।
अहमदनगर। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे का मसला राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी [राकांपा] और कांग्रेस के गठबंधन को दरका सकता है। राकांपा ने कांग्रेस के बराबर सीटें नहीं मिलने पर सभी सीटों पर अकेले दम चुनाव लड़ने की धमकी दी है।
राकांपा प्रमुख शरद पवार के भतीजे और राज्य के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने शुक्रवार को यहां कहा, हम राज्य की 288 सीटों में से 144 पर चुनाव लड़ना चाहते हैं। अगर कांग्रेस ने हमें इतनी सीटें नहीं दीं तो हम सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे। राकांपा कार्यकर्ताओं से मुखातिब पवार ने कहा, वर्ष 2009 के विधानसभा चुनाव में सीटों का बंटवारा लोकसभा चुनाव में प्रदर्शन के आधार पर हुआ था। इस बार के लोकसभा चुनाव में राकांपा का प्रदर्शन कांग्रेस से बेहतर रहा है, लिहाजा हमें पिछली बार के मुकाबले ज्यादा सीटें मिलनी चाहिए।
पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 174 और राकांपा ने 114 सीटों पर चुनाव लड़ा था। एक दिन पहले राकांपा की राज्य इकाई के प्रमुख सुनील तटकरे ने भी राज्य की आधी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी।