वायु सेना ने लापता AN-32 को तलाशने के लिए अब इस एयरक्राफ्ट को खोज अभियान में लगाया
भारतीय वायु सेना का एयरक्राफ्ट एएन-32 को खोजने का मिशन आज शुक्रवार को चौथे दिन भी जारी है। वायु सेना लगातार इसके लिए सर्च ऑपरेशन चला रही है।
नई दिल्ली, एएनआइ। भारतीय वायु सेना का एयरक्राफ्ट एएन-32 को खोजने का मिशन आज शुक्रवार को चौथे दिन भी जारी है। वायु सेना लगातार इसके लिए सर्च ऑपरेशन चला रही है। भारतीय वायुसेना ने बताया कि लापता विमान AN32 का पता लगाने के लिए आइएनएस राजली, अरकोणम, तमिलनाडु का लॉन्ग रेंज मैरीटाइम रीकानसन्स एयरक्राफ्ट पी8I सर्च ऑपरेशन में हिस्सा लेगा। दरअसल, यह अपने विशेष रडार और सेंसर का उपयोग करके खोज अभियान को अंजाम देगा।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को खोज और बचाव कार्यों के बारे में हर अपडेट दी जा रही है। रक्षा मंत्री ने विमान और उसमें मौजूद लोगों का पता लगाने के लिए सभी संभावित संसाधनों का उपयोग करने का निर्देश दिया है। लापता AN-32 विमान का पता लगाने के लिए इंडियन एयरफोर्स एविएशन रिसर्च सेंटर के ग्लोबल 5000 सर्विलांस एयरक्राफ्ट और NTRO स्पाई सैटलाइट के साथ दूसरे चीजों का भी इस्तेमाल कर रहा है। अपने स्पेशलिस्ट सेंसर की मदद से वह जमीन पर बेहतर तस्वीर हासिल कर सकते हैं।
बता दें कि IAF AN-32 एयरक्राफ्ट में सवार अशीश तनवर का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। अशीष की मां का कहना है कि उन्हें उनका बेटा चाहिए। पांच दिन हो गए है और अभी तक विमान का कुछ पता नहीं चल पाया है। उन्होंने गृह मंत्रालय से भी गुहार लगाई है। हालांकि, विमान को तलाशने की हर संभव कोशिश की जा रही है।
गौरतलब, है कि भारतीय वायुसेना का Antonov AN-32 विमान अरुणाचल प्रदेश में चीन सीमा के पास स्थित मेचुका एयरबेस से पिछले कई दिनों से लापता है। विमान के गायब होने के बाद वायुसेना ने इसका पता लगाने के लिए सर्च अभियान चलाया था लेकिन, अब-तक इस विमान के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। इस अभियान में वायुसेना के साथ थल सेना भी जुट गई है। स्थल के संभावित स्थान की कुछ जानकारी प्राप्त हुई थी। हालांकि, अभी तक किसी मलबे को नहीं देखा गया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप