देश में विमान सेवा को फिर लगे 'पंख', इंदौर और भोपाल के यात्रियों को मिला खास फायदा
इंदौर और भोपाल सहित देश के कई शहरों में विमान सेवाएं पुन शुरू हो रही हैं। इसका फायदा न सिर्फ इन शहरों के यात्रियों को मिलेगा बल्कि आसपास के शहरों यात्रियों को भी चंद घंटों में अपने गंतव्य तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
इंदौर, जेएनएन। कोरोनाकाल के दौरान देशभर की विमान सेवाएं प्रभावित हुई थीं। यात्रियों की कम संख्या के कारण कई शहरों से विमान कंपनियों ने अपने दफ्तर या तो समेट लिए थे या सेवाओं को कुछ समय के लिए बंद कर दिया था। अब देश में फिर से विमान सेवाओं को 'पंख' लगने लगे हैं। इंदौर और भोपाल सहित देश के कई शहरों में विमान सेवाएं पुन: शुरू हो रही हैं। इसका फायदा न सिर्फ इन शहरों के यात्रियों को मिलेगा, बल्कि आसपास के शहरों यात्रियों को भी चंद घंटों में अपने गंतव्य तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
भोपाल और भुवनेश्वर के लिए प्रयागराज से उड़ान सेवा शुरू
संगमनगरी प्रयागराज से अब दो घंटे में भुवनेश्वर और डेढ़ घंटे में भोपाल पहुंचना संभव हो गया है। रविवार से दोनों शहरों के लिए निजी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने अपनी उ़़डान सेवा शुरू कर दी। पहले दिन भुवनेश्वर जाने वाली फ्लाइट फुल रही, जबकि भोपाल की फ्लाइट में आधे यात्री गए। यह विमान सेवा नियमित रहेगी।
भुवनेश्वर के लिए विमान सेवा शुरू होने से पुरी स्थित भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए जाना आसान हो गया है। प्रयागराज से करीब एक हजार किलोमीटर दूर भुवनेश्वर तक ट्रेन से जाने में 20 से 25 घंटे लगते हैं। विमान से दो घंटे में ही पहुंच जाएंगे। इसी तरह 615 किलोमीटर दूर भोपाल पहुंचने में ट्रेन से 13 से 15 घंटे लगते हैं। अब विमान सेवा से करीब डेढ़ घंटे में ही यह दूरी तय हो जाएगी।
भुवनेश्वर की 78 सीटर फ्लाइट निर्धारित समय 9:55 बजे 69 यात्रियों को लेकर प्रयागराज एयरपोर्ट पर आई और 10:30 बजे 78 यात्री लेकर रवाना हो गई। यह 12:30 बजे भुवनेश्वर पहुंची। भोपाल के लिए 78 सीटर विमान सेवा है। विमान निर्धारित समय 10:30 बजे 66 यात्रियों को लेकर आया। फिर 11:15 बजे 30 यात्रियों को लेकर विमान भोपाल के लिए रवाना हो गया।