कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर बोले, गांव व कृषि क्षेत्र पर है अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का दारोमदार
केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि कृषि क्षेत्र की बुनियादी जरूरतों में शामिल मिट्टी व सिंचाई के साथ बीजों की भूमिका बहुत अधिक है।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कृषि व किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने गांव और कृषि जैसे क्षेत्र की महत्ता गिनाते हुए कहा कि इन्हीं क्षेत्रों पर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का दायित्व है। इसलिए इनके ताने बाने को और सुदृढ़ करने की जरूरत है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को लगने वाले झटकों से उबरने में मदद मिल सके। तोमर सोमवार को यहां नेशनल सीड कांग्रेस के आयोजित समारोह में बोल रहे थे।
कृषि क्षेत्र को करनी है लंबी यात्रा
कृषि क्षेत्र की हालत को बेहतर करार देते हुए तोमर ने कहा कि अभी भी इस क्षेत्र को लंबी यात्रा तय करनी है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की चुनौतियों से निपटा जा सकता है। किसानों की मेहनत और वैज्ञानिकों के अनुसंधान का नतीजा है कि देश खाद्यान्न क्षेत्र में आत्मनिर्भर ही नहीं बल्कि निर्यातक हो गया है। इसमें बीज तैयार करने वाले निजी निवेशकों की भूमिका भी अहम रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वर्ष 2022 तक किसानों की आमदनी को बढ़ाकर दोगुना करने की मंशा का जिक्र करते हुए तोमर ने कहा कि इसके लिए बीजों की महत्ता सबसे अधिक है।
बीजों की भूमिका है बहुत अधिक
कृषि क्षेत्र की बुनियादी जरूरतों में शामिल मिट्टी व सिंचाई के साथ बीजों की भूमिका बहुत अधिक है। इसमें वैज्ञानिकों के अनुसंधान और बीजों के उत्पादन में निजी क्षेत्र उल्लेखनीय प्रदर्शन कर रहा है। बीजों के आयात व निर्यात में पारदर्शिता, ईमानदारी और गुणवत्ता पर जोर देते हुए तोमर ने कहा कि इसमें अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरने की जरूरत है। कृषि क्षेत्र के समक्ष जलवायु परिवर्तन की समस्या पर चिंता जताते हुए कृषि मंत्री तोमर ने कहा कि इसमे वैज्ञानिकों को इस चुनौती को स्वीकार कर जुटना होगा।
बीज उत्पादक कंपनियों व व्यवसायियों को भरोसा दिलाया कि वे इस क्षेत्र में बिना किसी भय के कारोबार करें। कृषि क्षेत्र को उनकी सख्त जरूरत है। सरकार उनकी मदद के लिए तैयार है। सीड कांग्रेस में देश व विदेश के कई जानी मानी हस्तियों ने इस हिस्सा लिया।