गुजरात चुनाव: भाजपा के घोषणापत्र पर राहुल गांधी ने यूं कसा तंज
राहुल ने आनंद में एक रैली के दौरान कहा 'हमने घोषणापत्र को लेकर सवाल उठाए और भाजपा ने तुरंत बंद दरवाजों के पीछे इसे तैयार कर दिया।'
गांधीनगर, एएनआई। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने घोषणापत्र देरी से जारी करने को लेकर भाजपा पर हमला बोला है। राहुल ने आनंद में एक रैली के दौरान कहा "हमने घोषणापत्र को लेकर सवाल उठाए और भाजपा ने तुरंत बंद दरवाजों के पीछे इसे तैयार कर दिया। कांग्रेस ने सवाल किया तो अरुण जेटली ने इसे जारी कर दिया।अन्यथा उन्हें ऐसा करने की जरूरत क्यों है, जब उन्हें लगता है कि वे यहां 100 साल तक शासन करने जा रहे हैं? ये भाजपा का अहंकार है।'
15 लाख के जुमले पर चुटकी
राहुल ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा 'मैं झूठ नहीं कहूंगा और ना ही आपसे ये कहूंगा कि हमारी सरकार आने पर हर किसी के खाते में 15 लाख रुपये आ जाएंगे। लोग ये महसूस करेंगे कि 22 साल बाद उनकी आवाज सुनी जा रही है।
इससे पहले, भाजपा की ओर से घोषणापत्र जारी नहीं करने को लेकर राहुल गांधी ने तीखा हमला बोला था।गुजरात के छोटा उदयपुर में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने चुनावी रैली के दौरान भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘भाजपा आपके लिए क्या करना चाहती है उन्होंने आपको अभी तक इस बारे में नहीं बताया है, घोषणा पत्र तैयार नहीं किया।‘
कांग्रेस अध्यक्ष ने पार्टी नेता द्वारा दिए गए विवादित बयान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, कांग्रेस पार्टी हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री की कुर्सी का आदर करती है। और कांग्रेस पार्टी में गलत शब्द प्रयोग करके कोई भी पीएम के बारे में नहीं बोल सकता है। मोदी जी हमारे बारे में कुछ भी कह सकते हैं। इसलिए हमने मणिशंकर अय्यर पर सख्त कार्रवाई की।
राहुल गांधी ने कहा, ‘गुजरात में कांग्रेस पार्टी चुनाव जीतने जा रही है इसे कोई नहीं रोक सकता। आंधी आ रही है।‘ उन्होंने आगे कहा, भाजपा नेता गंदी भाषा का इस्तेमाल करते हैं, गंदी भाषा बोलना कांग्रेस की संस्कृति नहीं है। कांग्रेस विकास के मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी मोदी जी चुनावी मुद्दों को भटका रहे हैं।
राहुल ने कहा, चुनाव में जीत के दस दिन के भीतर कांग्रेस किसानों की कर्ज माफी के लिए नीति बनाएगी।
यह भी पढ़ें: गुजरात की बाजी: सोशल मीडिया पर कांग्रेस सवार, बेहतर प्रदर्शन की जताई उम्मीद