पढ़े... कहां और क्यों फेंका गया बसपा के पूर्व नगर अध्यक्ष पर तेजाब
प्रापर्टी डीलिंग के दौरान आठ लाख रुपयों के लेनदेन को लेकर तीन युवकों ने बसपा के पूर्व नगर अध्यक्ष पर तेजाब उड़ेल दिया।
पीलीभीत(जेएनएन)। टनकपुर हाईवे पर बसपा के पूर्व नगर अध्यक्ष को बातचीत करने के लिए बुलाकर तेजाब से हमला कर दिया गया। इससे उनकी पीठ बुरी तरह से झुलस गई। पीडि़त के मुताबिक, प्रापर्टी डीलिंग के दौरान आठ लाख रुपयों के लेनदेन को लेकर घटना को अंजाम दिया गया। मामले में कोतवाली पुलिस ने गुरुवार देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपितों के घर दबिश भी दी, लेकिन वह सभी फरार है। घायल की हालत गंभीर देखते हुए उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला भूरे खां निवासी चांद खां पुत्र अजीज अहमद खां प्रापर्टी डीलिंग का काम करते हैं। वह बहुजन समाज पार्टी के पूर्व नगर अध्यक्ष भी रह चुके हैं। चांद खां के मुताबिक, उनके साथ पूर्व में मुहल्ला छोटा खुदागंज निवासी अब्दुल रफीक उर्फ गुड्डू भी प्रापर्टी डीलिंग का काम करते थे। इस दौरान उनका आठ लाख रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि कई बार फोन करने के बाद भी आरोपित फोन नहीं उठाते थे। गुरुवार देर शाम उनको आरोपितों ने बातचीत के लिए नकटादाना चौराहा के पास बुलाया था। जहां अब्दुल रफीक, उनका बेटा फैसल और एक अन्य युवक मौजूद थे। तीनों लोग दो बाइक पर सवार होकर आए। बातचीत के दौरान उनके बीच कहासुनी हो गई। इस पर नेहरू पार्क के समीप आरोपितों ने मारपीट करते हुए उनके ऊपर तेजाब फेंक दिया। इससे वह बुरी तरह झुलस गए और जान बचाने के लिए एक दुकान में घुस गए। वहीं, मौका पाकर आरोपित फरार हो गए। मामले में कोतवाली पुलिस ने गुरुवार देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपितों के घर दबिश भी दी, लेकिन वह सभी फरार है। घायल की हालत गंभीर देखते हुए उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
तेजाब फेंकने से युवक की पीठ झुलस गई है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहरीर के हिसाब से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रापर्टी डीलिंग के दौरान रुपयों के लेनदेन का विवाद बताया जा रहा है।
-धर्म सिंह मार्छल, सीओ सिटी