इंदौर: 5 महीने की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी पर फूटा गुस्सा, कोर्ट परिसर में की जमकर पिटाई
इंदौर में पांच माह की बच्ची से दुष्कर्म करने वाले आरोपी पर लोगों का गुस्सा फूटा। कोर्ट पहुंचते ही आक्रोशित भीड़ ने जमकर पीटा।
इंदौर (नईदुनिया)। इंदौर में 5 माह की मासूम बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या के आरोपी की कोर्ट में पेशी के दौरान लोगों ने जमकर पिटाई की। गिरफ्तारी के बाद एमजी रोड पुलिस ने आरोपी नवीन को कोर्ट में पेश किया। इस घटना को लेकर पूरे शहर में जबरदस्त आक्रोश है और आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की जा रही है।
गौरतलब है कि इंदौर के राजवाड़ा इलाके में शिव विलास पैलेस के बेसमेंट में 5 माह की बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआइजी ने खुद विवेचना में उतरे और रात में ही आरोपी को पकड़ लिया गया। आरोपी रिश्ते में बच्ची की मां का मौसा लगता है। पुलिस ने पूरे इलाके के सीसीटीवी खंगालते हुए सघन जांच की और 6 घंटे में ही आरोपी को धर दबोचा।
शनिवार दोपहर को पुलिस ने आरोपी नवीन को कोर्ट में पेश किया। चूंकि घटना को लेकर पूरे शहर में जबरदस्त नाराजगी है लिहाजा आरोपी नवीन को लेकर पुलिसकर्मी जैसे ही कोर्ट पहुंची तो पहले मौजूद लोगों और वकीलों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। पुलिस जैसे तैसे आरोपी को लेकर कोर्ट के भीतर पहुंची। घटना के बाद कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई। इधर वकीलों ने आरोपी की पैरवी नहीं करने का फैसला किया है।