बारिश थमते ही गिरा तापमान, फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ; जानें आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को भी आसमान साफ रहेगा। सुबह मध्यम स्तर का कोहरा हो सकता है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान 19 और सात डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। अगले तीन चार दिन में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस तक आ जाएगा।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। नए साल की शुरुआत के बाद लगातार पांच दिन तक चला बारिश का दौर खत्म होने के बाद सोमवार को मौसम खुल गया। दिन में हल्की धूप भी खिली, लेकिन ठंड कम नहीं हुई। बारिश थमने के बाद कोहरा बढ़ा तो तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। सप्ताह भर तक कमोबेश ऐसा ही मौसम बने रहने का पूर्वानुमान है।
सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 18.1, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 68 से 98 प्रतिशत रहा। अधिकतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस के लिहाज से जाफरपुर जबकि न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस की दृष्टि से आयानगर सबसे ठंडे इलाके रहे। वहीं सुबह साढ़े छह से साढ़े आठ बजे के बीच सफदरजंग पर 600, जबकि पालम पर 800 मीटर के करीब दृश्यता रही।
IMD ने सोमवार को चेतावनी दी है कि 14 जनवरी तक देश के मध्य व आसपास के इलाकों में बारिश् हो सकती है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से चली हवा के कारण निर्मित सिस्टम से देश के इन इलाकों में बारिश होने के आसार हैं। 14 जनवरी तक विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में बारिश हो सकती है।
आज साफ रहेगा आसमान
:मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को भी आसमान साफ रहेगा। सुबह मध्यम स्तर का कोहरा हो सकता है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान 19 और सात डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। अगले तीन चार दिन में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस तक आ जाएगा।
रिकार्ड बारिश से दब गए प्रदूषक तत्व
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी आरके जैनामणि ने बताया कि पिछले पांच दिन के दौरान रिकार्ड बारिश होने से प्रदूषक तत्व दब गए हैं। प्रदूषक तत्व और नमी मिलकर ही कोहरा बनाते हैं। इसलिए कोहरे का बहुत ज्यादा असर देखने में नहीं आ रहा है। 18 जनवरी के आसपास पहाड़ी क्षेत्रों में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके चलते 18 और 19 जनवरी को फिर से हल्की बारिश हो सकती है।