नए मामलों का 69 फीसद से अधिक हिस्सा 8 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेश का: मंत्रालय
भारत में कुल संक्रमण का आंकड़ा 93 लाख 51 हजार से अधिक हो गया वहीं पिछले 24 घंटों आए मामलों का 69 फीसद से अधिक मात्र 8 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेश के खाते में दर्ज किया गया है। हालांकि देश में टेस्टिंग की प्रक्रिया में गति आई है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शनिवार को बताया गया कि देश में आए नए मामलों में से 69 फीसद से अधिक मामले आठ राज्यों व केंद्रशासित प्रदेश का है जिसमें महाराष्ट्र का नाम तो शामिल है ही। बता दें कि पिछले 24 घंटे के दौरान देश में आए कुल नए मामलों का आंकड़ा 41 हजार 322 रहा जिसमें से 69 फीसद से अधिक मामले मात्र 8 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों के हैं। देश के संक्रमित राज्यों में सबसे पहले महाराष्ट्र फिर दिल्ली और केरल का नंबर आता है।
जानें इन आठ राज्यों व केंद्रशासित प्रदेश के नाम
मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 24 घंटों में 11 लाख 57 हजार 6 सौ 5 टेस्ट कराए गए और इसके साथ ही अब तक देश में हुए कुल टेस्ट का आंकड़ा 13.82 करोड़ के पार चला गया। देश में अभी कोविड-19 के सक्रिय मामले 4,54,940 हैं और यह कुल संक्रमण का 4.87 फीसद है। मंत्रालय ने बयान जारी कर बताया, ' रोज आने वाले नए संक्रमण के मामलों का 69.04 फीसद हिस्सा देश के मात्र 8 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों का है। ये हैं- महाराष्ट्र (Maharashtra), दिल्ली (Delhi), केरल (Kerala), पश्चिम बंगाल (West Bengal), राजस्थान (Rajasthan), उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh), हरियाणा (Haryana) और छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh)।'
महाराष्ट्र में हैं सबसे अधिक संक्रमण
महाराष्ट्र में नए कोविड मामले 6,185 हैं। वहीं दिल्ली में ये 5,482 रिकार्ड किए गए जबकि केरल में 3,966 लोग संक्रमित हैं। देश में 2,161 टेस्टिंग लैब है जिसमें से 1,175 सरकारी लैब और 986 प्राइवेट हैं। शनिवार सुबह अपडेट किए गए आंकड़ों के अनुसार भारत में कोविड-19 संक्रमण के कुल 93,51,109 मामले हैं ओर मरने वालों का आंकड़ा 1,36,200 है।
बता दें कि पिछले साल के अंत में चीन के वुहान स्थित सीफूड मार्केट से जानलेवा नॉवेल कोरोना वायरस निकला और दो-तीन माह में ही इसने पूरी दुनिया को अपने चपेट में ले लिया। 11 मार्च 2020 को विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इसे महामारी के तौर पर ऐलान कर दिया।