सीआरपीएफ में कोरोना संक्रमण के 62 नए मामले, कुल संक्रमित जवानों की संख्या हुई 231
सभी संक्रमित कर्मचारियों को बवाना इलाके में होम क्वारंटाइन में रखा गया है। दिल्ली में बल की 31वीं बटालियन में 137 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव हैं।
नई दिल्ली, प्रेट्र। देश के सबसे बड़े अर्धसैनिक बल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में शनिवार को कोरोना संक्रमण के 62 नए मामले सामने आए। ये सभी दिल्ली यूनिट में मिले हैं। इस तरह 3.25 लाख कर्मियों वाले इस बल में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 231 हो गई है।
अधिकारियों ने बताया कि बल के दो कर्मचारी कोरोना संक्रमण से ठीक हो चुके हैं, जबकि एक की मृत्यु हो चुकी है। नए मामले सीआरपीएफ की त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) की 194वीं बटालियन के हैं। सभी संक्रमित कर्मचारियों को बवाना इलाके में होम क्वारंटाइन में रखा गया है। दिल्ली में बल की 31वीं बटालियन में 137 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव हैं। इन सभी को मंडोली इलाके के क्वारंटाइन केंद्र में भर्ती कराया गया है।
अब तक महाराष्ट्र पुलिस के 714 अधिकारी पॉजिटिव मिले
महाराष्ट्र पुलिस के अब तक 714 अधिकारी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें से 61 ठीक हो चुके हैं, जबकि पांच की मृत्यु हो चुकी है। अभी 648 अधिकारियों का इलाज जारी है।
बीएसएफ के जवान भी हुए कोरोना संक्रमित
वहीं, इसके पहले सीमा सुरक्षा बल (Border Security Force यानी BSF) के 30 और कर्मी कोरोना वायरस से संक्रमित मिले थे, लिहाजा बल में संक्रमित कर्मियों की संख्या बढ़कर 221 हो गई। जबकि दो ठीक हो चुके हैं। यह संख्या सभी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) में सर्वाधिक है। अभी तक अर्धसैनिक बलों के कुल 530 कर्मी कोरोना संक्रमित मिले हैं। एक बीएसएफ अधिकारी ने बताया कि गुरुवार से अब तक संक्रमित मिले बल के 24 कर्मी त्रिपुरा के धलाई स्थित 86वीं बटालियन के हैं, जबकि छह दिल्ली के हैं।
गौरतलब है कि देश में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले चौबीस घंटे में 95 लोगों की मौत हुई है और 3,320 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही मरने वालों की संख्या 1,981 और संक्रमितों की संख्या 59,662 हो गई है। जबकि, 17,846 लोग अभी तक पूरी तरह से स्वस्थ भी हुए हैं।