Move to Jagran APP

JAGRAN TOP TEN: टॉप न्‍यूज, आज इन बड़ी खबरों पर बनी हुई है नजर

आज की बड़ी खबरें, जिस पर दिनभर रहेगी नजर।

By Sanjeev TiwariEdited By: Published: Fri, 05 Oct 2018 10:33 AM (IST)Updated: Fri, 05 Oct 2018 10:40 AM (IST)
JAGRAN TOP TEN: टॉप न्‍यूज, आज इन बड़ी खबरों पर बनी हुई है नजर
JAGRAN TOP TEN: टॉप न्‍यूज, आज इन बड़ी खबरों पर बनी हुई है नजर

केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। भारत- रूस के बीच S-400 मिसाइल डिफेंस डील पर आज करार होगा।  ब्याज दरें तय करने वाली भारतीय रिजर्व बैंक आज घोषित करेगी मौद्रिक नीति।  भाजपा का तीन दिवसीय बूथ चलो अभियान शुक्रवार से शुरू हो रहा है। यह अभियान रविवार तक चलेगा और इसमें संगठन और सरकार के प्रमुख लोग शामिल होंगे।विश्व हिंदू परिषद की एक उच्चस्तरीय कमेटी शुक्रवार को अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण को लेकर आगे की कार्ययोजना पर फैसला करेगी। मध्य प्रदेश के सिनेमाघरों में शुक्रवार से फिल्मों का प्रदर्शन नहीं होगा। नगरीय निकायों द्वारा लगाए गए मनोरंजन कर के विरोध में मध्य प्रदेश के सिनेमाघरों ने प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा कर दी है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला राजकोट में खेला जा रहा है। टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल शुरू हो चुका है। वहीं कार्टून के माध्यम से एस-400 डील को लेकर व्यंग्य किया गया है।

loksabha election banner

1- कर्नाटक के 12 जिलों में अलर्ट, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी भारी बारिश की चेतावनी

तिरुवनंतपुरम। अगस्त में दक्षिण पश्चिम मानसून का कहर झेल चुके केरल में फिर भारी बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया गया है। इस वजह से राज्य सरकार ने गुरुवार को आपदा से निपटने की तैयारियां शुरू कर दीं। मौसम विभाग ने पड़ोसी राज्य तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। भारतीय मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक, दक्षिण पूर्व अरब सागर के ऊपर बने निम्न दबाव के क्षेत्र की वजह से सात अक्टूबर (रविवार) को केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के ज्यादातर इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

  पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

2-भारत- रूस के बीच S-400 मिसाइल डिफेंस डील पर आज होगा करार

नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का भारत आगमन हो चुका है। राष्ट्रपति पुतिन अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के साथ वार्षिक भारत-रूस शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं। इस यात्रा के दौरान अरसे से लंबित एस-400 एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम सौदे पर शुक्रवार को समझौता होना संभव बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि मोदी और पुतिन के बीच एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम के लिए पांच अरब डॉलर का अंतिम समझौता हो जाएगा। भारत पहले ही यह स्पष्ट कर चुका है कि यह मिसाइल प्रणाली उसकी सुरक्षा के लिए काफी महत्वपूर्ण है और उसे हासिल करने का उसका इरादा पक्का है। ऐसे में इस सौदे पर पड़ोसी मुल्क चीन और पाकिस्तान की नजरें टिकी हैं।

   पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

3-RBI गर्वनर आज करेंगे मौद्रिक नीति के फैसलों की घोषणा, जानिए- क्या हो सकता है असर

नई दिल्ली। होम लोन समेत सभी तरह के कर्जों की ब्याज दरें पिछले दो वर्षों से कमोबेश एक ही स्तर पर थी। लेकिन पिछले कुछ हफ्तों में चार बड़े बैंकों ने लोन की ब्याज दरें बढ़ायी हैं। संकेत इस बात के हैं कि आने वाले दिनों में देश में होम लोन के साथ दूसरे कर्ज महंगे होने की रफ्तार और तेज हो सकती है। महंगा होते कच्चे तेल, डॉलर के मुकाबले रुपये की गिरावट और अमेरिका-चीन के बीच ट्रेड वार तेज होने के आसार के बीच ब्याज दरें और बढ़ने की संभावना जतायी जा रही है। ब्याज दरें तय करने वाली भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक बुधवार से शुरू हो गई है।

   पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

4-भाजपा का आज से तीन दिवसीय बूथ चलो अभियान,शामिल होंगे योगी, राजनाथ और महेंद्र

लखनऊ । भाजपा का तीन दिवसीय बूथ चलो अभियान शुक्रवार से शुरू हो रहा है। यह अभियान रविवार तक चलेगा और इसमें संगठन और सरकार के प्रमुख लोग शामिल होकर एक लाख 64 हजार बूथों पर लोकसभा चुनाव के मिशन का श्रीगणेश करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने गुरुवार को बताया कि इस अभियान में उनके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डॉ. दिनेश शर्मा, मंत्री, सांसद, विधायक, संगठन के पदाधिकारी, नगर प्रमुख, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष, निगमों के चेयरमैन और आयोगों के अध्यक्ष बूथों पर जाएंगे।

   पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

5-असम से सात रोहिंग्‍या प्रवासियों को भेजा वापस म्यांमार, 25 अब भी हिरासत केंद्रों में मौजूद

गुवाहाटी।असम में अवैध रूप से रह रहे सात रोहिंग्‍या प्रवासियों को हाल ही में उनके देश म्‍यांमार वापस भेज दिया गया। हालांकि समस्‍या अभी खत्‍म नहीं हुई है। असम पुलिस का कहना है कि राज्‍य के अलग-अलग हिरासत केंद्र शिविरों में अब भी 25 म्‍यांमार नागरिक मौजूद हैं। असम पुलिस के मुताबिक, 'आज भी असम में 25 म्‍यांमार निवासी अलग-अलग हिरासत केंद्र शिविरों में हैं। इनमें से 18 तेजपुर, 6 सिलचर और एक गोलपारा में है।' पुलिस का बयान उस कार्रवाई के बाद आया है, जिसके तहत 7 म्‍यांमार नागरिकों को वापस उनके देश भेज दिया गया है, जो साल 2012 से भारत में अवैध रूप से रहे रहे थे।

   पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

6-विहिप आज राम मंदिर निर्माण पर लेगी फैसला

नई दिल्ली। विश्व हिंदू परिषद की एक उच्चस्तरीय कमेटी शुक्रवार को अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण को लेकर आगे की कार्ययोजना पर फैसला करेगी। विहिप के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि कमेटी और रामजन्मभूमि न्यास के प्रमुख महंत नृत्यगोपाल दास शुक्रवार को इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में रामजन्म भूमि आंदोलन से जुड़े कई प्रमुख लोग शामिल होंगे। कुमार ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए विहिप के समक्ष अभियान चलाने के अलावा सभी विकल्प खुले हुए हैं।

7-आज से मध्य प्रदेश के सभी सिनेमाघर बंद

इंदौर। मध्य प्रदेश के सिनेमाघरों में शुक्रवार से फिल्मों का प्रदर्शन नहीं होगा। नगरीय निकायों द्वारा लगाए गए मनोरंजन कर के विरोध में मध्य प्रदेश के सिनेमाघरों ने प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा कर दी है। निकायों द्वारा लगाए गए मनोरंजन कर के विरोध में सेंट्रल सिने सर्किट एसोसिएशन और सिनेमा एसोसिएशन ने सिनेमाघरों की प्रदेशव्यापी हड़ताल की घोषणा कर दी है। सिंगल स्क्रीन और मल्टीप्लेक्स में गुरुवार आधी रात से फिल्मों का प्रदर्शन अनिश्चितकाल तक के लिए बंद कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि शुक्रवार को फिल्म 'लवयात्री' और 'अंधाधुंध' रिलीज हो रही हैं।

   पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

8-तेल के दामों में कटौती से नहीं बिगड़ेगा राजकोषीय संतुलन

नई दिल्ली। पेट्रोल व डीजल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क में कटौती कर जनता को राहत देने के सरकार के फैसले से राजकोषीय संतुलन नहीं बिगड़ेगा। सरकार का कहना है कि पेट्रोल व डीजल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क में डेढ़ रुपये प्रति लीटर की कटौती से सरकारी खजाने पर मात्र 10,500 करोड़ रुपये का बोझ आएगा जो चालू वित्त वर्ष में राजकोषीय घाटे का मात्र का 0.05 प्रतिशत है। हालांकि केंद्र ने जनता को राहत देने का जो फॉर्मूला अपनाया है, उससे सरकारी तेल कंपनियों की सेहत पर असर पड़ना तय है। केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि पेट्रोल-डीजल पर उत्पाद शुल्क में कटौती के बावजूद सरकार राजकोषीय घाटे को काबू रखने में कामयाब रहेगी। सरकार पहले ही उधार लेने की अपनी योजना में 70,000 करोड़ रुपये की कटौती कर चुकी है।

   पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

9-विश्‍व मुस्कान दिवस पर विशेष : 55 वर्ष पहले आए स्माइली की मुस्कान अब भी बरकरार

आगरा। आज विश्‍व मुस्कान दिवस है। इसकी शुरुआत 1999 से हुई, जिसे अक्टूबर के पहले शुक्रवार को मनाया जाता है। लेकिन देखा जाए तो हर चेहरे पर मुस्कान लाने का जितना बेहतर जरिया स्माइली बना हुआ है, उतना और कुछ नहीं। इस स्माइली की भी अपनी एक रोचक कहानी है। आज जब लोग सोशल मीडिया पर अपने जज्बातों को बयां करते हैं, तो उसमें सबसे महत्वपूर्ण भूमिका स्माइली की ही होती है। लेकिन कम ही लोगों को इसकी कहानी के बारे में पता होगा। स्माइली की उत्पत्ति 1963 में हुई। एक अमेरिकी इंश्योरेंस कंपनी ने अपने नाराज कर्मचारियों को मनाने और उनमें जोश भरने के लिए एक विज्ञापन और पब्लिक रिलेशन एजेंसी चलाने वाले हार्वी रास बॉल से संपर्क किया।

   पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

10-IND vs WI: शतक की ओर विराट कोहली?

राजकोट। भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला राजकोट में खेला जा रहा है। टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल शुरू हो चुका है। खबर लिखे जाने तक भारत ने 4 विकेट के नुकसान पर 377 रन बना लिए हैं। विराट कोहली 77 और रिषभ पंत 27 रन पर बनाकर क्रीज पर मौजूद है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 4 विकेट के नुकसान पर 364 रन बनाए थे। इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। खेल के पहले दिन का मुख्य आकर्षण 18 वर्षीय भारतीय बल्लेबाज पृथ्वी शॉ रहे जिन्होंने 134 रन की पारी खेली। भारत की तरफ से इस वक्त क्रीज पर कप्तान विराट कोहली (72) और रिषभ पंत (17) जमे हुए हैं।

   पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.