बुजुर्गो के लिए हेल्पलाइन पर 475 कार्रवाई योग्य काल आई, 6 राज्यों में उपलब्ध है यह सुविधा
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इल्डरलाइन उत्तर प्रदेश मध्य प्रदेश राजस्थान तमिलनाडु और कर्नाटक में काम कर रही है। तेलंगाना में यह सुविधा एक साल से अधिक समय से है। मई के अंत तक सभी राज्यों में यह सुविधा शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
नई दिल्ली, प्रेट्र। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि बुजुर्गो के लिए जारी सरकारी हेल्पलाइन 'इल्डरलाइन' पर पांच राज्यों से अप्रैल-मई में 475 कार्रवाई योग्य काल आई हैं। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि 'इल्डरलाइन' उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु और कर्नाटक में काम कर रही है। तेलंगाना में यह सुविधा एक साल से अधिक समय से है। मई के अंत तक सभी राज्यों में यह सुविधा शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 28 अप्रैल से 71 कार्रवाई योग्य काल तमिलनाडु से आई। इसके अलावा मध्य प्रदेश से 163, राजस्थान से 25 और कर्नाटक से 122 काल आई। उत्तर प्रदेश से इस तरह की 94 काल आई। यहां पर यह सेवा 14 मई से शुरू की गई है। 'इल्डरलाइन' की सेवा के लिए टोल-फ्री नंबर 14567 पर संपर्क किया जा सकता है। मंत्रालय ने बुजुर्गो को किसी मुद्दे पर इस सुविधा का उपयोग करने का सुझाव दिया है।
बता दें कि इस हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत करने या सुझाव मांगे जाने के बाद उनकी समस्या का निराकरण संबंधित राज्य सरकार करती है। इस नंबर पर बुजुर्गों के अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी उनके संबंध में सूचना या शिकायत कर सकता है। देश में 2011 तक 10 करोड़ से अधिक लोगों की उम्र 60 वर्ष से अधिक थी, जो 2030 तक बढ़कर 20 करोड़ हो जाएगी।