मदुरै में 446 व्यक्तियों पर फेस मास्क नहीं पहनने के कारण जुर्माना लगाया गया
जिला कलेक्टर ने चेतावनी दी थी कि सभी को सार्वजनिक स्थानों पर बाहर रहते हुए एक मास्क पहनना चाहिए अन्यथा जुर्माना लगाया जाएगा।
मदुरै, एएनआइ। अधिकारियों ने गुरुवार को यहां मास्क पहने बिना निकले 446 व्यक्तियों से कुल 49,800 रुपये का जुर्माना वसूला। मदुरै जिले में कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के लिए विभिन्न निवारक उपाय किए जा रहे हैं। जिला कलेक्टर ने चेतावनी दी थी कि सभी को सार्वजनिक स्थानों पर बाहर रहते हुए एक मास्क पहनना चाहिए अन्यथा जुर्माना लगाया जाएगा।
मदुरै में जिन 446 व्यक्तियों पर जुर्माना लगाया गया था, उनमें से 316 व्यक्तियों को नगरपालिका क्षेत्र में जबकि 130 व्यक्तियों को ग्रामीण क्षेत्रों में जुर्माना लगाया गया। बता दें कि देश में महाराष्ट्र के बाद कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा मामले तमिलनाडु में ही है। यहां संक्रमितों की संख्या 14000 तक पहुंच गई है। हालांकि, 6300 के आस पास लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, सक्रिय केस 7590 बताए गए। प्रदेश में 95 लोग जान भी गंवा चुके हैं।
भारत में घातक कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 1 लाख 18 हजार 447 पहुंच गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान देश में कोरोना वायरस के सर्वाधिक 6088 नए मामले सामने आए हैं और 148 लोगों की मौत हुई है। इसमें से 66,330 एक्टिव केस हैं, जबकि अबतक 3583 लोगों की मौत हो चुकी है।
वहीं कुल 48,533 लोग ठीक हो चुके हैं। महाराष्ट्र के साथ ही दिल्ली, गुजरात और तमिलनाडु में भी नए मामले की रफ्तार तेज रही। महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 41 हजार को पार कर गई है। इनमें से मुंबई शहर में अकेले 25 हजार से अधिक संक्रमित है। राजधानी दिल्ली पिछले कुछ दिनों से लगातार 500 के आस पास नए मामले सामने आ रहे हैं।