देश में लोगों को अब तक 37 करोड़ से ज्यादा डोज लगाई गईं, दिनभर में 27.86 लाख लगे कोरोना के टीके
भारत में बेल्जियम के चार्ज डी अफेयर्स अरनाड लायन ने कहा कि उनके देश में कोविशील्ड को मान्यता मिलने से भारत समेत दूसरे देशों में यह वैक्सीन लगाने वाले सभी लोगों पर प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कोवैक्स के तहत इस्तेमाल की जाने वाली कोविशील्ड मुख्य वैक्सीन होगी।
नई दिल्ली, एजेंसी। कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण अभियान में भारत ने अब तक कोरोना वैक्सीन की 37 करोड़ से ज्यादा डोज लगाई हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक शुक्रवार को शाम सात बजे तक 27.86 लाख डोज दी गईं।
18-44 आयुवर्ग के 11 करोड़ से अधिक लोगों को अब तक मिल चुकी है पहली डोज
मंत्रालय ने बताया कि शुक्रवार को 18-44 वर्ष आयुवर्ग के 13.28 लाख लोगों को पहली और 1.24 लाख लोगों को दूसरी डोज दी गईं। इस आयुवर्ग के कुल 10.98 करोड़ लोगों को पहली और 35.08 लाख लोगों को दूसरी डोज अभी तक दे गई हैं।
यूपी, एमपी समेत 8 राज्यों में 18-44 आयुवर्ग के 50 लाख से ज्यादा लोगों को मिली पहली डोज
देश के आठ राज्य उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु, बिहार, गुजरात, कर्नाटक और महाराष्ट्र में 18-44 आयुवर्ग के 50 लाख से ज्यादा लोगों को पहली डोज मिल गई है।
दिल्ली, हरियाणा समेत 14 राज्यों में 18-44 आयुवर्ग के 10 लाख से ज्यादा लोगों को मिली पहली डोज
जबकि, आंध्र प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, दिल्ली, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, केरल, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, उत्तराखंड और बंगाल में 18-44 आयु वर्ग के 10 लाख लोग पहली डोज पाने वालों में शामिल हैं।
राज्यों के पास अभी वैक्सीन की 1.70 करोड़ डोज
मंत्रालय ने बताया कि केंद्र की तरफ से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अब तक कुल 38.18 करोड़ डोज मुहैया कराई गई हैं। इनमें से इनके पास अभी 1.70 करोड़ डोज बची हुई हैं। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को जल्द ही 23.80 लाख डोज और मिल जाएंगी।
बेल्जियम में कोविशील्ड को मंजूरी के होंगे सकारात्मक नतीजे
भारत में बेल्जियम के चार्ज डी अफेयर्स अरनाड लायन ने शुक्रवार को कहा कि उनके देश में कोविशील्ड को मान्यता मिलने से भारत समेत दूसरे देशों में यह वैक्सीन लगाने वाले सभी लोगों पर प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कोवैक्स के तहत इस्तेमाल की जाने वाली कोविशील्ड मुख्य वैक्सीन होगी। इसका दुनियाभर में इस्तेमाल किया जाएगा।