Move to Jagran APP

JAGRAN TOP TEN: टॉप न्‍यूज, आज इन बड़ी खबरों पर बनी हुई है नजर

आज की बड़ी खबरें, जिस पर दिनभर रहेगी नजर।

By Sanjeev TiwariEdited By: Published: Fri, 21 Sep 2018 11:12 AM (IST)Updated: Fri, 21 Sep 2018 11:30 AM (IST)
JAGRAN TOP TEN: टॉप न्‍यूज, आज इन बड़ी खबरों पर बनी हुई है नजर
JAGRAN TOP TEN: टॉप न्‍यूज, आज इन बड़ी खबरों पर बनी हुई है नजर

जम्मू-कश्मीर में अाज अातंकियों ने अगवा कर 3 पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी है। चक्रवाती तूफान 'डेई' ओडिशा के गोपालपुर से टकराने के बाद आगे निकल गया है। डेई आज सुबह गोपालपुर के पास समुद्र तट पर पहुंचा, जिसके कारण तेज हवाएं और बरसात हो रही है। गुजरात के गिर वन में 11 शेरों के शव पाए गए हैं। गुजरात सरकार ने तत्परता बरतते हुए इसकी जांच करने का आदेश दिया है।21 सितंबर यानी शुक्रवार से दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में मानसून आगामी 15 दिन के लिए लौट आया है। उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए हैं। ऑपरेशन जारी है। एक नन के साथ दुष्कर्म के आरोपित बिशप से केरल पुलिस की एसआइटी ने गुरुवार को आठ घंटे से ज्यादा समय तक पूछताछ की। बिशप से आज को तीसरे दिन भी पूछताछ होगी।भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह एक दिवसीय प्रवास पर शुक्रवार को रायपुर जा रहे हैं। वहीं कार्टून के माध्यम से आज सरकारी योजनाअों में भ्रष्टाचार पर व्यंग्य किया गया है।

loksabha election banner

 

1-जम्मू-कश्मीर में आतंकियों ने अगवा कर की 3 पुलिसकर्मियों की हत्या

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में आतंकियों ने शुक्रवार को 4 पुलिसकर्मियों की अगवा कर तीन की हत्या कर दी। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इन्हें ढूंढने के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। बताया जा रहा है स्थानीय आतंकियों ने इन पुलिसकर्मियों का अपहरण किया था। जिनमें 3 स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसपीओ) और 1 पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिसकर्मियों के शव सर्च ऑपरेशन के दौरान कापरन गांव में मिले। अगवा किए गए पुलिसकर्मियों की पहचान फिरदौस अहमद कूचे, कुलदीप सिंह, निसार अहमद धोबी और फैयाज अहमद बट के रुप में हुई है।

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

2-ओडिशा पहुंचा चक्रवाती तूफान DAYE, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

भुवनेश्‍वर। चक्रवाती तूफान 'डेई' ओडिशा के गोपालपुर से टकराने के बाद आगे निकल गया है। डेई शुक्रवार की सुबह गोपालपुर के पास समुद्र तट पर पहुंचा, जिसके कारण तेज हवाएं और बरसात होने लगी। बताया जा रहा है कि यहां अभी लगभग 23 किमी प्रतिघंटे की गति से हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा मछुआरों को समुद्री तटों से दूर रहने की सलाह दी गई है। भुवनेश्वर में मौसम विभाग के डायरेक्टर बीआर बिस्वास के अनुसार तूफान बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम से पश्चिम-उत्तर की तरफ गया है। यह गोपालपुर से 40 किमी दूर दक्षिणी ओडिशा पर केंद्रित हो सकता है। 

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

3-गिर वन में 11 शेर मृत पाए गए, गुजरात सरकार ने जांच के आदेश दिए

राजकोट। गुजरात के गिर वन में 11 शेरों के शव पाए गए हैं। गुजरात सरकार ने तत्परता बरतते हुए इसकी जांच करने का आदेश दिया है। यह जानकारी गुरुवार को अधिकारी ने दी। अधिकारी ने कहा कि शेरों के शव गिर (पूर्वी) संभाग में पाए गए हैं। पिछले कुछ दिनों में खास तौर से दलखानिया रेंज में शव मिले हैं। उप वन संरक्षक पी. पुरुषोत्तम ने कहा, 'गिर पूर्वी वन रेंज से हमें 11 शेरों के शव मिले हैं।' प्रशासनिक लिहाज से गिर वन को पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में बांटा गया है। बुधवार को वन में अमरेली जिले में राजुला के पास शेरों के शव मिले। उसी दिन दलखानिया रेंज क्षेत्र में तीन और शेर मृत पाए गए। अधिकारी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में सात और शेरों के शव मिले हैं।

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

4-गोवा में सरकार बनाने के दावे के बीच दो कांग्रेस विधायक विदेश रवाना

पणजी। गोवा में सरकार बनाने के दावे के बीच कांग्रेस के दो विधायक विदेश यात्रा पर रवाना हो गए हैं। वहीं, गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने भाजपानीत गठबंधन में नेतृत्व परिवर्तन को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास सरकार बनाने लायक संख्या बल नहीं है। मालूम हो कि मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर की खराब सेहत के मद्देनजर नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें लगाई जा रही हैं। पर्रिकर दिल्ली स्थित एम्स में अपना इलाज करा रहे हैं। गोवा कांग्रेस के दो विधायक जेनिफर मॉन्सेराते और फिलिप नेरी रोड्रिग्स गुरुवार को क्रमश: चीन और यूरोप की यात्रा पर रवाना हो गए।

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

5-आज से 15 दिनों के लिए लौटा मानसून, जानें- कब होगी दिल्ली-UP व हरियाणा में तेज बारिश

नई दिल्ली। 21 सितंबर यानी शुक्रवार से दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में मानसून आगामी 15 दिन के लिए लौट आया है। इस बाबत मौसम विभाग ने पूर्वानुमान भी जारी किया है। विभाग के मुताबिक, 23 से 26 सितंबर तक दिल्ली में तेज बारिश की संभावना भी जताई गई है। मौसम में यह बदलाव बंगाल की खाड़ी के मध्य पूर्वी भागों में चक्रवाती हवा का सिस्टम बनने से आया है। स्काइमेट वेदर के अनुसार, जिस समय चक्रवाती हवा का सिस्टम राजस्थान पहुंचेगा, उसी दौरान पश्चिमी हिमालय पर एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होकर मौसम को प्रभावित करेगा। एक साथ दो सिस्टमों से दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार इस बार मानसून 15 दिन देर तक बना रहेगा।

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

6-भारत में राफेल पर सियासी घमासान, फ्रांस में वायुसेना उपाध्यक्ष ने भरी उड़ान

नई दिल्ली। वायुसेना उपाध्यक्ष एयर मार्शल रघुनाथ नांबियार ने गुरुवार को फ्रांस में दासौ एविएशन द्वारा भारत के लिए निर्मित पहला राफेल लड़ाकू विमान उड़ाकर उसकी क्षमता को परखा। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि लड़ाकू विमान की क्षमता को परखने के लिए वायुसेना उपाध्यक्ष चार दिन पहले ही पेरिस पहुंच गए थे। वह फ्रांस में दासौ एविएशन द्वारा भारत के लिए बनाए जा रहे लड़ाकू विमानों की प्रगति का जायजा भी ले रहे हैं। भारत को इन विमानों की आपूर्ति अगले साल सितंबर से शुरू होनी है। ये विमान कई तरह के शक्तिशाली हथियारों और मिसाइलों को ले जाने में सक्षम हैं।

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

7-जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में सुरक्षाबलों व आतंकियों के बीच मुठभेड़, दो आतंकी मारे गए

जम्मू। उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए हैं। ऑपरेशन जारी है। सैन्य सूत्रों का कहना है कि आपरेशन लंबा चलेगा। रात के समय आतंकियों पर नजर रखने के लिए मुठभेड़ स्थल पर जेनरेटर और लाइट पहुंचाकर रोशनी का बंदोबस्त किया गया है। माना जा रहा है कि सभी आतंकी लश्कर के हैं। जानकारी हो कि घाटी में एक बार फिर सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई है। इस बार उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा में सेना ने कुछ आतंकियों को घेर लिया है। ये मुठभेड़ बांदीपोरा के सुमलार इलाके में चल रही है, मुठभेड़ में दो आतंकी को मार गिराया गया है।

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

8-नन दुष्कर्म मामले में बिशप से आज भी होगी पूछताछ

कोच्चि। एक नन के साथ दुष्कर्म के आरोपित बिशप से केरल पुलिस की एसआइटी ने गुरुवार को आठ घंटे से ज्यादा समय तक पूछताछ की। बिशप से शुक्रवार को तीसरे दिन भी पूछताछ होगी। बुधवार को बिशप से सात घंटे से भी ज्यादा समय तक पूछताछ की गई थी। राज्य के पुलिस प्रमुख ने कहा कि बिशप फ्रैंको मुल्लकल की गिरफ्तारी के बारे में एक-दो दिनों में फैसला लिया जाएगा। पूछताछ के लिए विशेष जांच टीम (एसआइटी) के सामने मुल्लकल के पेश होने के बाद राज्य के डीजीपी लोकनाथ बेहेरा ने कहा कि पूछताछ समाप्त होने के बाद जांच अधिकारी उनकी गिरफ्तारी के बारे में फैसला लिया जा सकेगा।

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

9-रायपुर के दौरे पर जाएंगे अमित शाह , आठ हजार कार्यकर्ताओं से करेंगे सीधा संवाद

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह एक दिवसीय प्रवास पर शुक्रवार को रायपुर जा रहे हैं। शाह सुबह 11 बजे स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचेंगे। वहां राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं द्वारा किया जाएगा। शाह एयरपोर्ट से सीधे सिधी समाज के धर्मस्थल सदाणी दरबार पहुंचेंगे और कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाह डुमरतराई के पास स्थित कार्यक्रम स्थल में शक्ति केंद्र के आठ हजार कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। सम्मेलन में भाजपा शक्ति केन्द्र संयोजक, सह संयोजक व शक्ति केन्द्र प्रभारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष, भाजपा जिलाध्यक्ष व जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

10-एशिया कप 2018, Preview: बांग्लादेशी चीतों का जोश ठंडा करने उतरेगा भारत

नई दिल्ली। एशिया कप के पहले ही मुकाबले में श्रीलंका को हराकर बांग्लादेश जोश से भरी है। ऐसे में शुक्रवार को सुपर-4 दौर के मुकाबले में टीम इंडिया बांग्लादेशी चीतों के इस जोश को ठंडा करना चाहेगी। बुधवार को भारत ने पाकिस्तान को आठ विकेट से जरूर हराया, लेकिन ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या सहित शार्दुल ठाकुर और अक्षर पटेल के चोटिल हो जाने से टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ गई हैं। टीम इंडिया के लिए इस मुकाबले में सबसे बड़ी चुनौती हार्दिक की जगह को भरना होगा। वहीं हांगकांग और पाकिस्तान के खिलाफ लगातार मैच खेलने की वजह से तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को भी आराम दिया जा सकता है। बायें हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद स्विंग मास्टर भुवनेश्वर की जगह ले सकते हैं, लेकिन यह साफ नहीं है कि हार्दिक की जगह कौन खेलेगा।

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.