कोरोना महामारी के कारण इटली में फंसे 168 नाविक गोवा पहुंचे, 14 दिन तक रखे गए क्वारंटाइन में
कोस्टा क्रूज कंपनी में कार्यरत गोवा के 414 लोगों को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पिछले सप्ताह वापस लाने की मंजूरी दी थी। ये सभी इटली में फंस गए थे।
पणजी, प्रेट्र। कोरोना महामारी के कारण विदेश में फंसे 168 भारतीय नाविक गोवा पहुंच गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार सुबह चार्टर्ड विमान से सभी इटली से गोवा हवाई अड्डे पहुंचे। कोस्टा क्रूज कंपनी में कार्यरत गोवा के 414 लोगों को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पिछले सप्ताह वापस लाने की मंजूरी दी थी। ये सभी इटली में फंस गए थे। बुधवार को पहुंचे सभी 168 लोगों को 14 दिनों तक क्वारंटाइन रखने के बाद घर जाने की अनुमति दी जाएगी।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि गुरुवार तक इटली से सभी नाविकों को तीन विमानों से लाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि सभी यात्रियों के स्वैब नमूने जांच के लिए जमा किए गए हैं। यदि कोई कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया जाता है तो उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।
विदेश से अभी तक 12,000 से अधिक लोगों को निकाला गया
वहीं, दूसरी ओर विदेश में फंसे भारतीय नागरिकों को लाने के लिए सरकार द्वारा चलाए गए वंदे भारत मिशन के तहत भारत ने अब तक 12,000 से अधिक लोगों को निकाला है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने एक बयान जारी कर कहा कि मिशन के आठवें दिन 56 उड़ानों के जरिये 12 देशों से भारतीय नागरिकों को वापस लाया गया है। 904 भारतीयों को इस सप्ताह की शुरुआत में आइएनएस जलस्व और आइएनएस मगर द्वारा मालदीव से वापस लाया गया था। अन्य लोग विभिन्न देशों से संचालित उड़ानों से आए हैं।
कई मंत्रालय के साथ राज्य सरकारें भी हैं काम में शामिल
उन्होंने कहा कि वंदे भारत मिशन विदेश में फंसे भारतीय नागरिकों को लाने के लिए सरकार द्वारा किया गया अब तक का सबसे बड़ा और सबसे जटिल अभ्यास है। उन्होंने कहा कि हम इस अभ्यास में नागरिक उड्डयन मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के साथ-साथ संबंधित राज्य सरकारों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।