तेलंगाना, केरल और ओडिशा हाई कोर्टो में 14 नए जजों की नियुक्ति हुई
सात जजों की नियुक्ति तेलंगाना हाई कोर्ट चार की केरल हाई कोर्ट और तीन की ओडिशा हाई कोर्ट में की गई है। आयकर अपीलीय न्यायाधिकरण की सदस्य पी. माधवी देवी को तेलंगाना हाई कोर्ट में जज नियुक्त किया गया है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। तीन हाई कोर्टो में रिकार्ड 17 जजों की नियुक्ति के एक दिन बाद बुधवार को तीन अन्य हाई कोर्टो में 14 नए जजों की नियुक्ति की गई। नव नियुक्त जजों में 12 न्यायिक अधिकारी, एक अधिवक्ता और एक आयकर अपीलीय न्यायाधिकरण के सदस्य हैं। कानून मंत्रालय में न्याय विभाग ने इन नियुक्तियों की सूची जारी की। इनमें सात जजों की नियुक्ति तेलंगाना हाई कोर्ट, चार की केरल हाई कोर्ट और तीन की ओडिशा हाई कोर्ट में की गई है। आयकर अपीलीय न्यायाधिकरण की सदस्य पी. माधवी देवी को तेलंगाना हाई कोर्ट में जज नियुक्त किया गया है। इससे पहले भी न्यायाधिकरणों के सदस्यों को हाई कोर्ट में जज नियुक्त किया जाता रहा है। ये सदस्य अधिवक्ता होते हैं जो क्षेत्र विशेष के विशेषज्ञ होते हैं। याद दिला दें कि मंगलवार को ही इलाहाबाद, मद्रास और गुवाहाटी हाई कोर्टो में 17 जजों की नियुक्ति की गई थी।
इससे पहले तीन हाई कोर्टो में मंगलवार को रिकार्ड 17 नए जजों की नियुक्ति की गई। सुप्रीम कोर्ट कोलेजियम द्वारा पिछले महीने विभिन्न नामों की सिफारिश किए जाने के बाद यह तीसरी बार है जब जजों की नियुक्तियां की गई हैं। इलाहाबाद, मद्रास और गुवाहाटी हाई कोर्टो में जिन्हें जजों के रूप में नियुक्त किया गया है उनमें 15 अधिवक्ता और दो न्यायिक अधिकारी हैं। इलाहाबाद हाई कोर्ट में आठ, गुवाहाटी हाई कोर्ट में पांच और मद्रास हाई कोर्ट में चार जजों की नियुक्ति की गई है। इनके अलावा गुवाहाटी हाई कोर्ट के तीन अतिरिक्त जजों को स्थायी जज के रूप में प्रोन्नत किया गया है।
कानून मंत्रालय के न्याय विभाग ने नई नियुक्तियों और पदोन्नतियों की अलग-अलग सूचियां जारी की हैं। उच्च न्यायपालिका में नियुक्ति प्रक्रिया के जानकर लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में एक दिन में इतने जजों की नियुक्ति नहीं की गई है।