Move to Jagran APP

असम में पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में 13 गिरफ्तार, पूर्व डीआइजी के घर से आठ किलो सोना बरामद

असम में पुलिस भर्ती प्रश्नपत्र लीक मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। जांच के सिलसिले में एक पूर्व डीआइजी के आवास पर छापों में बड़ी मात्रा में अवैध संपत्ति का पता चला है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Published: Sun, 27 Sep 2020 06:01 AM (IST)Updated: Sun, 27 Sep 2020 06:01 AM (IST)
असम में पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में 13 गिरफ्तार, पूर्व डीआइजी के घर से आठ किलो सोना बरामद
असम पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

गुवाहाटी, पीटीआइ। असम में पुलिस भर्ती प्रश्नपत्र लीक मामले में शनिवार को तीन और लोग गिरफ्तार कर लिए गए। इस प्रकार से पेपर लीक मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। जांच के सिलसिले में एक पूर्व डीआइजी, एक भाजपा नेता के आवास और एक तांत्रिक के आश्रम में छापेमारी की गई। इन छापों में बड़ी मात्रा में अवैध संपत्ति का पता चला है। इस बीच जेल में बंद एक आरोपी ने इसे मध्य प्रदेश के व्यापम घोटाले से बड़ा घोटाला बताया है।

loksabha election banner

प्रदेश के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया है कि सीआइडी ने गुवाहाटी, तिनसुकिया और नलबाड़ी से इन तीन लोगों की गिरफ्तारी की है। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही है। मामले में तेजी से जांच आगे बढ़ रही है। उम्मीद है कि कुछ रोज में वह निष्कर्ष पर पहुंच जाएगी और सभी आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।

गिरफ्तार किए गए लोगों में सिंचाई विभाग की एक महिला कर्मचारी है जबकि असम पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स का एक कर्मचारी है। बाकी लोगों को प्रदेश के विभिन्न जिलों से गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में सीआइडी और गुवाहाटी पुलिस की क्राइम ब्रांच मिलकर काम कर रहे हैं। जांच के सिलसिले में कई स्थानों पर छापेमारी की गई है। इन छापों में पूर्व डीआइजी पीके दत्ता की अवैध संपत्तियों का भी पता चला है।

दत्ता के गुवाहाटी में कई लक्जरी होटल और अन्य शहरों में कई अपार्टमेंट हैं। गुवाहाटी में उनके आवास पर छापेमारी में आठ किलो सोना और तमाम दस्तावेज मिले हैं। दत्ता के चाय बागान और अन्य अचल संपत्तियों का भी पता चला है। गुवाहाटी में तांत्रिक दीपक बाबा के आश्रम पर भी छापा मारा गया है। लेकिन पुलिस के वहां पहुंचने से पहले ही बाबा फरार हो गया। पता चला है कि पीके दत्ता इस आश्रम में अक्सर आया करते थे। यह आश्रम सरकारी जमीन पर बना हुआ है।

जांच एजेंसियों ने प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता दिबान डेका के आवास और ठिकानों पर भी छापा मारा है। गुरुवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी दी थी कि वह भी पुलिस भर्ती की परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े हुए हैं। हत्या के डर से वह असम छोड़ रहे हैं। क्योंकि इस मामले में असम पुलिस के कई बड़े और भ्रष्ट अधिकारी शामिल हैं।

जांच दल ने डेका का लैपटॉप, बैंक पासबुक और अन्य दस्तावेज कब्जे में ले लिए हैं। डेका की पत्नी से आवास पर ही कई घंटे तक पूछताछ की गई। इस बीच जेल में बंद अखिल गोगोई ने कहा है कि प्रश्नपत्र लीक घोटाला मध्य प्रदेश में हुए व्यापम घोटाले से भी ज्यादा बड़ा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.