मध्यप्रदेश में सामने आए कोरोना के 1,147 नए मामले, राज्य में अब 10,928 सक्रिय केस
राज्य में 10928 सक्रिय मामले 38527 रिकवर मामले और 1185 मौतें शामिल हैं।
भोपाल, एएनआइ। मध्य प्रदेश स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में 1,147 नए कोरोना वायरस मामले सामने आए हैं। साथ ही इस वायरस से 14 लोगों की मौत भी हुई है। अब कुल मामलों की संख्या 50,640 तक पहुंच गई है, जिसमें 10,928 सक्रिय मामले, 38,527 रिकवर मामले और 1,185 मौतें शामिल हैं। इंदौर में 181 नए कोरोना वायरस मामले सामने आए, जिससे जिले में कुल मामलों की संख्या 10,967 तक हो गई। तीन नई मौतों भी हुई, इससे जिले में मरने वालों का आंकड़ा 356 तक पहुंच गया।
भारत में लगातार तीसरे दिन कोरोना वायरस (COVID-19) के लगभग 70 हजार मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में कोरोना के सर्वाधिक 69 हजार 878 मामले सामने आए और 945 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान सर्वाधिक 10 लाख 23 हजार 836 सैंपल टेस्ट हुए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में अब तक कोरोना के 29 लाख 75 हजार 702 मामले सामने आ गए हैं और 55 हजार 794 लोगों की मौत हो गई है। छह लाख 97 हजार 330 एक्टिव केस है। 22 लाख 22 हजार 578 मरीज ठीक हो गए हैं। वहीं तीन करोड़ 44 लाख 91 हजार 073 सैंपल टेस्ट हो गए हैं। रिकवरी रेट 74.69 फीसद और डेथ रेट 1.87 फीसद है।