CM Yogi Adityanath की फोटो से फिर शरारत, फिरोजाबाद में होर्डिंग्स पर लगी तस्वीर पर कीचड़ फेंका
सुहागनगर फिराेजाबाद में तस्वीर पर फेंका कीचड़ भाजपाइयों ने किया साफ। महानगर अध्यक्ष ने डीएम एसएसपी को दी जानकारी। 12 अगस्त की रात होर्डिंग्स पर लगी सीएम की तस्वीर के साथ हुयी थी छेड़छाड़। दोबारा शरारत दोहरायी गयी।
आगरा, जागरण टीम। 12 अगस्त की रात होर्डिंग्स से सीएम की फोटो काटने के पांच दिन बाद फिर शरारत हुई। सुहागनगर में लगे होर्डिंग्स में सीएम की फोटो पर कीचड़ फेंक दिया गया। दोपहर में इसकी जानकारी होने पर भाजपाई पहुंचे और फोटो से कीचड़ साफ किया। इस संबंध में डीएम व एसएसपी को सूचना दी गई है।
फिरोजाबाद में होर्डिंग्स पर लगी सीएम योगी आदित्यनाथ की तस्वीर का साफ करते भाजपा के कार्यकर्ता।
आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के शहर भर में होर्डिंग्स लगाए गए हैं। इन होर्डिंग्स पर सीएम योगी आदित्यनाथ और पीएम नरेन्द्र मोदी की फोटो लगी हुई है। 12 अगस्त की रात शहर के छह चौराहों पर लगे होर्डिंग्स से सीएम की फोटो काटी गई थी। इसके बाद नगर निगम की ओर से उत्तर और दक्षिण थाने में प्राथमिकी कराई। तीन दिन तक सीसीटीवी रिकार्डिंग खंगालने के बाद पुलिस ने कबाड़ बीनने वाले मनीष निवासी सत्यनगर टापा को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
गुरुवार को सुहागनगर क्षेत्र में सूचना अधिकारी कार्यालय के पास लगे होर्डिंग्स में सीएम की तस्वीर पर कीचड़ फेंका गया। इसकी जानकारी होते ही भाजपाई पहुंचे और विरोध जताते हुए कीचड़ साफ किया। भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार का कहना है कि डीएम और पुलिस को इस संबंध में सूचना दी गई है। शरारत करने वाले पर कार्रवाई होगी। वहीं सीओ सिटी अभिषेक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। शरारत करने वाले को जल्द पकड़ लिया जाएगा