लुधियाना पुलिस की सतलुज दरिया किनारे रेड, 24 हजार लीटर लाहन बरामद कर दरिया में बहाई; तीन पर केस
लुधियाना पुलिस ने सतलुज दरिया किनारे चल रही शराब की अवैध भट्ठी पर दबिश देकर लाहन बरामद कर दरिया में बहा कर नष्ट कर दी। पुलिस ने मामले में गांव भाेलेवाल जदीद निवासी बलविंदर सिंह बब्बू लाटू तथा मंगा के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जासं, लुधियाना। थाना लाडोवाल पुलिस ने सतलुज दरिया किनारे चल रही शराब की अवैध भट्ठी पर दबिश देकर 24 हजार लीटर लाहन बरामद की। मौके पर एक्साइज टीम को बुला कर उसे सतलुज दरिया में बहा कर नष्ट कर दिया गया। मौके पर वहां से लोहे के ड्रम, तिरपाल व अन्य सामान बरामद किया गया। एएसआइ वरिंदर पाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले में गांव भाेलेवाल जदीद निवासी बलविंदर सिंह बब्बू, लाटू तथा मंगा के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि तीनों दरिया किनारे अवैध रूप से भट्ठी लगा कर शराब तैयार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने वहां रेड करके उक्त लाहन व अन्य सामान बरामद किया। पुलिस की रेड की भनक लगते ही तीनों वहां से फरार हो गए। उनकी तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्दी ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ब्रोस्टल जेल में भिड़े 4 हवालातियों पर केस दर्ज
लुधियाना। ब्रोस्टल जेल में भिड़े 4 हवालातियों के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर 7 की ताजपुर चौकी पुलिस ने केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है। एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि उनकी पहचान गुरप्रीत सिंह, अजय कुमार, सुखदीप सिंह तथा युवराज सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने ब्रोस्टल जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट सुखविंदर सिंह की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि 11 अगस्त के दिन आरोपितों ने जेल अनुशासन को तोड़ते हुए आपस में मारपीट की। समय रहते सूचना मिलने पर जेल गार्द ने उन्हें जाकर काबू कर लिया। उनके कब्जे से एक नोकीला हथियार भी बरामद किया गया। जिसे चेक करने पर पता चला कि आरोपितों ने जेल में नहाने के लिए रखी गई बाल्टी के कुंडे को निकाल कर उसे तीखा कर हथियार का रूप दे दिया था। सुनील कुमार ने कहा कि सभी आरोपितों को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी।