लुधियाना में चोर गिरोह के 6 सदस्य गिरफ्तार, मोटरसाइकिल व आटो रिक्शा समेत कई सामान बरामद
लुधियाना पुलिस ने चोरी व लूटपाट करने वाले गिरोह पर शिकंजा कसते हुए 6 सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। उनके कब्जे से पुलिस ने आटो रिक्शा मोटरसाइकिल चोरी का तांबा और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। शहर में लूट की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। चोर बेखौफ होकर अपने मंसूबों को अंजाम दे रहे हैं। हालांकि पुलिस भी उनपर लगातार शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने विभिन्न जगहों पर कार्रवाई करते हुए चोरी व लूटपाट करने वाले गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से आटो रिक्शा, मोटरसाइकिल, चोरी का तांबा और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। उनके खिलाफ दो केस दर्ज करके शुक्रवार उन्हें अदालत में पेश किया गया। जहां से रिमांड हासिल करने के बाद कड़ी पूछताछ की जा रही है।
थाना जमालपुर पुलिस चोर गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक आटो रिक्शा, एक मोटरसाइकिल तथा 20 किलो तांबा बरामद किया गया। एएसआइ हरभोल सिंह ने बताया कि उनकी पहचान गांव साहिबाना निवासी सनदीप कुमार, मुंडियां की राधा कालोनी निवासी राजू बाबू, जीवन नगर निवासी रूप किशोर तथा सुंदर नगर निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई। पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर साहिबाना पुली पर की गई नाकाबंदी के दौरान चारों को उस समय काबू किया, जब वो चोरी का सामान बेचने के लिए निकले थे।
थाना डिवीजन नंबर-6 पुलिस ने लूटपाट व चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से मोटरसाइकिल तथा झपटे गए मोबाइल फोन बरामद किए गए। एएसआइ हरचरण सिंह ने बताया कि उनकी पहचान प्रताप नगर निवासी अमरजीत सिंह तथा एसएएस नगर निवासी अजय कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कलसी नगर स्थित आचार वाली फैक्ट्री के पास दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार किया। हरचरण सिंह ने कहा कि उनसे की जा रही पूछताछ में और भी बरामदगी होने की संभावना है।
यह भी पढ़ेंः- लुधियाना से अगवा हुआ तीन माह का बच्चा बठिंडा से मिला, पुलिस ने देर रात स्वजनों को सौंपा; आरोपितों ने 50 हजार में बेचा था