संगम पर दीपदान के बाद लेजर शो, आसमान में दिखा तिरंगा, पानी में दिखी प्रयाग की गौरवगाथा
गंगा आरती के बाद गंगा की धारा में प्रयागराज और देशभक्ति पर केंद्रित लेजर शो दिखाया गया जिसको दर्शकों ने खूब सराहा। उसके बाद लगभग आधा घंटे तक संगम क्षेत्र में आतिशबाजी हुई। आतिशबाजी के दौरान आसमान में तिरंगा की आकृति हरपल बनती रही।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। आजादी का अमृत के उपलक्ष्य में एक बार फिर संगम क्षेत्र में विहंगम नजारा देखने को मिला। प्रयागराज विकास प्राधिकरण की ओर से बुधवार को दीपदान,गंगा आरती, लेजर शो और आतिशबाजी देखने के लिए संगम तट पर शहरवासियों की भीड़ जुटी।देशभक्ति की भावनाओं से ओतप्रोत युवा, महिला और बुजुर्गों ने जन कल्याण के लिए गंगा तट पर दीपदान किया।
सूरज ढलने के बाद संगम क्षेत्र में उमड़ी भीड
गंगा आरती के बाद गंगा की धारा में प्रयागराज और देशभक्ति पर केंद्रित लेजर शो दिखाया गया, जिसको दर्शकों ने खूब सराहा। उसके बाद लगभग आधा घंटे तक संगम क्षेत्र में आतिशबाजी हुई। आतिशबाजी के दौरान आसमान में तिरंगा की आकृति हरपल बनती रही। आसमानी पटाखों की गूंज से संगम क्षेत्र गंजायमान होता रहा। जल में प्रवाहित होते हुए दीपक से संगम क्षेत्र का नजारा आसमान में टिम-टिमाते तारों की तरह दिखाई दे रहा था। लेजर शो और आतिशबाजी देखने के लिए सूरज ढलने के बाद लोगों की भीड़ संगम क्षेत्र में जुटने लगी थी।
परेड मैदान से अलोपीबाग तक ट्रैफिक जाम की स्थिति
कार्यक्रम संपन्न होने के बाद परेड मैदान से अलोपीबाग तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस की टीम ने जाम को समाप्त कराया। जिलाधिकारी संजय खत्री, पीडीए वीसी अरविंद चौहान, सचिव अजीत कुमार सिंह, विशेष कार्य अधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, अजय कुमार, बीपी सिंह सहित पीडीए के अधिकारियों के अलावा पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।