Uttarakhand Weather Update News: कुमाऊं में 14 अगस्त को बारिश की संभावना, 15 से फिर आएगी तेजी
Kumaon Weather Update 13 अगस्त को कुमाऊं मंडल के पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या गरज के साथ बौछार पड़ सकती है। मैदानी क्षेत्रों में कहीं कहीं गर्जन के साथ वर्षा हो सकती है।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : मौसम का मिजाज मिलाजुला बना हुआ है। अगस्त के शुरुआती चार दिनों में अच्छी वर्षा हुई। पांच अगस्त से मानसून कमजोर पडऩे से वर्षा में कमी देखी गई। एक बार फिर इसके गति पकडऩे की संभावना है। बारिश की संभावना से किसानों को फसल ठीक होने की उम्मीद जगी है। खासकर धान की फसल के लिए यह बारिश वरदान साबित होगी।
विशेषकर 14 अगस्त को कुमाऊं मंडल के अधिकांश जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की उम्मीद है। बागेश्वर जिले में कहीं कहीं पर भारी वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने 17 अगस्त से मानसून के फिर से मजबूत होने की संभावना जताई है।
स्वतंत्रता दिवस पर वर्षा में आएगी कमी
देश आजादी का अमृत महोत्सव मनाने जा रहा है। हर तरफ उत्साह है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि आजादी के उत्सव में मौसम का खलल नहीं पड़ेगा। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि 13 अगस्त को कुमाऊं मंडल के पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या गरज के साथ बौछार पड़ सकती है।
मैदानी क्षेत्रों में कहीं कहीं गर्जन के साथ वर्षा हो सकती है। 15 अगस्त से बारिश में तेजी की संभावना जताई है।
हल्द्वानी के तापमान में मामूली वृद्धि
शुक्रवार का दिन वर्षा व गर्मी दोनों के लिहाज से राहतभरा रहा। हालांकि बीते दिन के मुकाबले अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री बढ़कर 33 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री दर्ज किया गया। हल्के बादलों के बीच दिन में धूप खिली रही। शुक्रवार को पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग, अल्मोड़ा जिले के सितलाखेत, चौखुटिया व बागेश्वर जिले के कौसानी में वर्षा हुई।