कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पहुंचे खूंटी, धरती आबा को दी श्रद्धांजलि
जासं खूंटी आजादी
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पहुंचे खूंटी, धरती आबा को दी श्रद्धांजलि
जासं, खूंटी : आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर कांग्रेस द्वारा आयोजित राष्ट्रव्यापी अभियान गौरव यात्रा के तहत कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय रविवार को बिरसा की भूमि खूंटी पहुंचे। प्रदेश प्रभारी के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, झारखंड सरकार में मंत्री बादल पत्रलेख और बन्ना गुप्ता, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व विधायक बंधु तिर्की सहित कई कांग्रेसी नेता शामिल थे। खूंटी पहुंचने पर थाना परिसर के सामने प्रदेश प्रभारी का परंपरागत आदिवासी रीति रिवाज से कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। तत्पश्चात जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण चौधरी व पूर्व विधायक कालीचरण मुंडा के नेतृत्व में गौरव यात्रा के तहत पदयात्रा निकाली गई। इसमें प्रदेश प्रभारी सहित सभी वरिष्ठ कांग्रेसी शामिल हुए। थाना परिसर के सामने से कचहरी परिसर स्थित बिरसा पार्क तक निकाली गई पदयात्रा का समापन बिरसा की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद हुआ। पदयात्रा कार्यक्रम में ओमप्रकाश मिश्रा, नईमुद्दीन खान, रवि मिश्रा, पीटर मुंडू, सोनू इमरान, वेदप्रकाश मिश्रा, विल्सन टोपनो, मरियम आईंद, पुनीत हेमरोम, मीनाक्षी मुंडू आदि जिला स्तरीय कांग्रेस नेताओं सहित अन्य कांग्रेसी शामिल थे।