Independence Day 2022: रांची के स्कूलों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस... भारत माता की जय के नारों से गूंजा विद्यालय का प्रांगण
Independence Day 2022 रांची शहर के सभी स्कूलों में हर्षोल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। बच्चों में जबरदस्त उत्साह का माहौल देखने को मिला। झंडात्तोलन होते ही स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारत माता की जय के नारों से विद्यालय प्रांगण गूंज उठा।
रांची, जासं। Independence Day 2022 रांची शहर के सभी स्कूलों में हर्षोल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। बच्चों में जबरदस्त उत्साह का माहौल देखने को मिला। झंडात्तोलन होते ही स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें छोटे छोटे बच्चे तिरंगा के साथ भारत माता के जयकारे लगाते नजर आए। इसी क्रम में दिल्ली पब्लिक स्कूल रांची के प्रागंण में समस्त विद्यार्थियों, शिक्षकगण, शिक्षकेतर कर्मचारियों की मौजूदगी में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस पावन अवसर पर राष्ट्रीय ध्वजारोहण विद्यालय के प्राचार्य डॉ राम सिंह ने किया।
भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गूंजा विद्यालय का प्रांगण
इस अवसर पर शानदार परेड, समकालिक मार्च पास्ट के साथ देशभक्ति की भावना को बढ़ाया गया। इस सम्मानीय अवसर पर विद्यालय प्रांगण भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गूंज उठा। सभी ने राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रमों का किया गया आयोजन
इस शुभ अवसर पर विवेकानंद सभागार में भी कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत देशभक्ति गीत हर घर तिरंगा की प्रस्तुति के साथ हुई। इसके बाद आठवीं कक्षा के तियाश गुप्ता द्वारा इंडिया पोईजर्ड विषय पर एक कविता प्रस्तुति दी गई। इसके बाद नर्सरी, प्रथम व द्वितीय कक्षा के विद्यार्थियों द्वारा स्किट प्रस्तुति ने दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित किया। भारत ये रहना चाहिए... गीत पर छात्रों द्वारा शानदार नृत्य प्रदर्शन ने भी सभा को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पांचवीं कक्षा के छात्रों द्वारा शहीद भगत सिंह के जीवन पर एक नाटिका प्रस्तुति थी।
संकल्प सिद्धि का परिणाम है स्वतंत्रता
इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ राम सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता संकल्प सिद्धि का परिणाम है। आज एक दूरदर्शी नेतृत्व में देश उत्तरोत्तर एवं बहुआयामी विकास कर रहा है। आज हमारे अभ्युदय का दिन है, आज ही के दिन हमारा देश परतंत्रता की बेड़ियों से मुक्त होकर एक नई राष्ट्र शक्ति के रूप में उभरा। हमारा देश हमेशा दुनिया के विकास के दृष्टिकोण से ही कार्य करता है । सभ्यता के प्रारंभ से ही वसुधैव कुटुंबकम के सिद्धांत पर चलते हुए हमने दुनिया को एक परिवार माना है। हमारे तिरंगे का संदेश भी शौर्य, सच्चाई और समृद्धि के साथ साथ प्रगतिशीलता का है। मानव मूल्यों एवं सांस्कृतिक विरासतों के संवर्धन एवं संरक्षण तथा राष्ट्रीय संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग एवं राष्ट्रीय के प्रति प्रतिबद्धता और कड़ी मेहनत से ही हम देश को आत्मनिर्भर बना सकते हैं। भारतीय स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों ने सेल टाउनशिप में एक समूह मार्च प्रभात फेरी भी निकाली।
डीएवी बरियातू में कार्यक्रम का आयोजन
वहीं डीएवी बरियातू में झंडात्तोलन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें कक्षा 6 से 10वीं तक के बच्चों ने हिस्सा लिया। प्राचार्य विनय कुमार पांडेय ने बच्चों को संबोधित करते कहा कि यह दिन हम सबों के लिए गर्व का दिन है। हमारा देश 75 वर्ष की स्वाधीनता मना रहा है। हमारे बच्चे देश के भविष्य हैं। हम सब मिलकर देश को आगे बढ़ाने में महती भूमिका निभाएंगे।
इसके अलावे डीएवी हेहल, नीरजा सहाय डीएवी, डीएवी कपिलदेव, डीएवी पुंदाग समेत विवेकानंद स्कूल, ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर, निर्मला कान्वेंट हाइस्कूल, जिला स्कूल, बालिका प्लस 2 हाइस्कूल बरियातू समेत सभी स्कूलों में शान से तिरंगा झंडा लहराया गया।