Har Ghar Tiranga Abhiyan को सफल बनाएंगे गांव-गांव के सेल्फी प्वाइंट, वेबसाइट पर अपलोड करनी होगी तस्वीर
Har Ghar Tiranga Abhiyan को सफल बनाने के लिए शासन के निर्देश पर गांव से लेकर शहर तक सेल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं। यहां फोटो खिंचवाकर वेबसाइट पर अपलोड करना है। जिले के अधिकतर ग्राम पंचायतों में सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। Independence Day 2022: आजादी के अमृत महोत्सव के तहत गांव-गांव में सेल्फी प्वाइंट (Selfie Point) बनाकर युवाओं को हर घर तिरंगा अभियान (Har Ghar Tiranga Abhiyan) से जोड़ा जा रहा है। हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए जिले के लगभग सभी ग्राम पंचायतों में ये प्वाइंट बनाए गए हैं। अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने के लिए सेल्फी प्रतियोगिता भी रखी गई है। सेल्फी प्वाइंट पर फोटो लेकर उसे हर घर तिरंगा अभियान की वेबसाइट पर अपलोड करना होगा। अच्छी सेल्फी पर पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा।
Har Ghar Tiranga Abhiyan को सफल बनाने के लिए कई कार्यक्रमों का आयोजन
हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिले में करीब आठ लाख 32 हजार से अधिक घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा गया है। पंचायती राज विभाग को इसका नोडल बनाया गया है। करीब चार लाख झंडे हथकरघा विभाग से उपलब्ध कराए गए हैं। शेष झंडे स्थानीय स्तर पर तैयार कराए गए हैं। जिले के स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को भी झंडा तैयार करने का आर्डर दिया गया था। ग्राम प्रधान, सचिव एवं सफाई कर्मियों के माध्यम से झंडे का वितरण कराया गया है। शहर हो या गांव, हर जगह स्वतंत्रता दिवस के दृष्टिगत सजावट की गई है।
शासन के निर्देश पर बनाया गया सेल्फी प्वाइंट
शासन ने शहर व गांव में सेल्फी प्वाइंट बनाने का निर्देश भी दिया था। इसी के तहत ग्राम पंचायतों में सेल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं। गांव के लोग यहां आकर फोटो खिंचवा रहे हैं और इंटरनेट मीडिया पर उसे साझा भी कर रहे हैं। इसकी फोटो हर घर तिरंगा अभियान के वेबसाइट पर भी अपलोड किया जा रहा है। ग्राम पंचायतों के साथ ही शहर के माल, शापिंग कांप्लेक्स में भी सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है। सभी ग्राम पंचायत सचिवालयों पर बनाए गए सेल्फी प्वाइंट पर रविवार को बड़ी संख्या में युवाओं ने सेल्फी ली।
क्या कहते हैं अधिकारी
जिला पंचायत राज अधिकारी हिमांशु शेखर ठाकुर ने बताया कि सभी ग्राम पंचायतों में सेल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं। इसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं। इसके जरिए लोगों को हर घर तिरंगा अभियान को लेकर जागरूक भी किया जा रहा है।