Haridwar Crime News: हरिद्वार के खन्नानगर गोलीकांड में 10 हजार का इनामी भाजपा नेता विष्णु अरोड़ा अंबाला से गिरफ्तार
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के पड़ोस में हुए गोलीकांड और बवाल में 10 हजार का इनामी भाजपा नेता विष्णु अरोड़ा को हरिद्वार की पुलिस और एसओजी की टीम ने अंबाला से गिरफ्तार कर लिया है। हरिद्वार लाने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के पड़ोस में हुए गोलीकांड और बवाल में 10 हजार का इनामी भाजपा नेता विष्णु अरोड़ा को हरिद्वार की पुलिस और एसओजी की टीम ने अंबाला से गिरफ्तार कर लिया है। हरिद्वार लाने के बाद ज्वालापुर कोतवाली में उससे पूछताछ की जा रही है।
तीन मुकदमा दर्ज होने के बाद से फरार चल रहे विष्णु और उसके साथियों पर पुलिस का शिकंजा लगातार फरार चल रहा था। पांच दिन पहले वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा योगेंद्र सिंह रावत ने विष्णु अरोड़ा, श्रेय शास्त्री, लकी भदोरिया, कुन्नू पहाड़ी और नोनी पेवल की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार का इनाम घोषित किया था।
इसके बावजूद हाथ नहीं आने पर पुलिस ने दो दिन पहले ही इन पांचों इनामियों के गैर जमानती वारंट भी कोर्ट से हासिल कर लिए थे। इतना ही नहीं चल रही कुर्की की प्रक्रिया भी शुरू होने वाली थी।
इस बीच विष्णु अरोड़ा के अंबाला में छिपे होने की सूचना पर ज्वालापुर कोतवाली की पुलिस और हरिद्वार एसओजी की एक टीम ने हरियाणा पुलिस की मदद से छापा मारते हुए विष्णु अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि विष्णु अरोड़ा को गिरफ्तार कर हरिद्वार की लाया गया है, उसे जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा। बाकी आरोपितों की भी तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
झबरेड़ा: तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
इकबालपुर चौकी क्षेत्र के गांव नगला कुबड़ा निवासी मनव्वर अली ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके पिता इरफान 15 जुलाई को घर में सोया था। तभी गांव के ही वसीम, मुकीम और सादिक ने लाठी-डंडे और लोहे के पाइप से उन पर हमला बोल दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। थानाध्यक्ष संजीव थपलियाल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीन व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।