बिहार के विश्वविद्यालयों में जल्द होगी कर्मचारियों की बंपर बहाली, अंगीभूत कालेजों को मिलेंगे प्राचार्य
Sarkari Naukari in Bihar बिहार के विश्वविद्यालयों में कर्मियों की बंपर बहाली के लिए जल्द ही शुरू होगी प्रक्रिया इसी वर्ष होगी अंगीभूत कालेजों में होगी प्राचार्यों की नियुक्ति शिक्षा विभाग ने विश्वविद्यालयों से 15 दिनों में मांगी रिक्तियों की सूची
रोस्टर क्लीयर होते ही शुरू होगी नियुक्ति प्रक्रिया
शिक्षा विभाग के आदेश के मुताबिक राज्य के अंगीभूत कालेजों में रोस्टर क्लीयर कर ही कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ होगी। इसके बारे में विभाग ने कुलपतियों को निर्देश दिया है। कालेजों और विश्वविद्यालय में प्राचार्य पद से लेकर कर्मचारी तक की नियुक्ति करने की तैयारी है।
सभी परंपरागत विश्वविद्यालयों के अंगीभूत कालेजों में खाली पड़े प्राचार्यों के पदों पर इसी साल नियुक्ति होगी। यह नियुक्ति बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग के माध्यम से होगी। इसके लिए शिक्षा विभाग ने 15 दिनों के अंदर से सभी अंगीभूत कालेजों में प्राचार्यों के खाली पदों की सूची कुलपतियों से मांगी है।
केवल एक विश्वविद्यालय ने भेजी रिक्तियों की जानकारी
उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से इस संबंध में विश्वविद्यालयों को निर्देश जारी किया गया है। हालांकि पूर्णिया विश्वविद्यालय को छोड़ कर किसी अन्य विश्वविद्यालय ने अभी तक अंगीभूत कालेजों में प्राचार्यों की रिक्तियों की जानकारी नहीं भेजी है। वैसे बीएन मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा ने प्राचार्यों की रिक्तियों की सूची भेजी है, लेकिन उसमें विसंगति पकड़ी गई है।
एक विश्वविद्यालय ने सूची भेजी, तो उसमें भी निकली खामी
इस विश्वविद्यालय ने रोस्टर क्लीयर नहीं किया है और न ही प्रमंडलीय आयुक्त से रोस्टर क्लीयरेंस संबंधी रिक्तियों संबंधी सूची पर अनुमोदन कराया है। इसलिए शिक्षा विभाग ने आवश्यक निर्देश देते हुए उक्त सूची बीएन मंडल विश्वविद्यालय को वापस कर दी है।