Gagretathan 2022 : देश के वीरों व पूर्व सैनिकों के सम्मान में दौड़ा गगरेट, शीर्ष 15 विजेता किए सम्मानित
Gagretathan 2022 रविवार को गगरेट के एपीएस ग्राउंड में गगरेटाथान 2022- एक दौड़ वीरों के नाम मैराथन का आयोजन किया गया। इस मैराथन का आयोजन युवा शक्ति पराक्रम संस्था के संस्थापक एवं जिला पार्षद चैतन्य शर्मा ने किया। मैराथन में गगरेट निवासियों ने भारी संख्या में हिस्सा लिया।
जेएनएन, गगरेट। Gagretathan 2022, रविवार को गगरेट के एपीएस ग्राउंड में गगरेटाथान 2022- एक दौड़ वीरों के नाम मैराथन का आयोजन किया गया। इस मैराथन का आयोजन युवा शक्ति पराक्रम संस्था के संस्थापक एवं जिला पार्षद चैतन्य शर्मा ने किया। मैराथन में गगरेट निवासियों ने भारी संख्या में हिस्सा लिया और अपने क्षेत्र के पूर्व सैनिकों और देश की सीमा पर तैनात जवानों के प्रति सम्मान प्रकट किया।
इस मैराथन की थीम देश की रक्षा करने वाले जवानों के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट करना था। इससे पहले भी चैतन्य शर्मा और उनकी संस्था युवा शक्ति पराक्रम गगरेट में ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करती रही है, जिससे गगरेट ही नहीं पूरे हिमाचल प्रदेश के लोगों को राष्ट्रसेवा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने को प्रेरित किया है। गगरेट शिक्षा सम्मेलन इसका जीता जागता प्रमाण है, जिसमें युवाओं को मुफ्त शिक्षा के अवसर और नौकरियों के बारे में बताया गया था।
गगरेटाथान 2022 में दो मैराथन हुई, जिसमें महिलाओं के लिए तीन किमी और पुरुषों के लिए 12 किमी दूरी की रेस रखी गई। दोनों मैराथन के शीर्ष 15 विजेताओं को पुरस्कृत और सम्मानित किया गया। पुरुषों में राहुल, प्रीत कुमार, रविंद्र सिंह और महिलाओं में ज्योति, साक्षी, अदिति को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरुस्कार से नवाजा गया। महिलाओं की रेस केवल तीन किलोमीटर की थी लेकिन कई महिलाओं ने अपने वीरों के नाम आयोजित इस दौड़ में पूरे 12 किलोमीटर की रेस पूरी की। मैराथन में हजार से अधिक लोगों ने शिरकत की जिसमें 12 साल से छोटे बच्चे और 50 साल से अधिक उम्र के लोग भी शामिल थे।
क्या कहते हैं चैतन्य शर्मा
इस मौके पर गगरेट के पार्षद चैतन्य शर्मा ने भारतीय सेना के प्रति अपना सम्मान और निष्ठा को व्यक्त किया और कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी सैन्य कर्मियों को सम्मानित किया। साथी ही उन्होंने मैराथन में हिस्सा लेने वाले महिलाओं और पुरुषों को भी धन्यवाद कहा।