पांच हजार के इनामी शिवा को किया गिरफ्तार
-कचहरी में सरेंडर के लिए अधिवक्ता के साथ अदालत में जा रहा था
-साथियों के साथ स्कूल और ट्यूशन जाती लड़कियों से करता था छेड़छाड़
जागरण संवाददाता, सरधना: छबड़िया रोड पर स्कूल और ट्यूशन जाती छात्रों के साथ छेड़छाड़ करने के मुख्य आरोपित शिवा को दबोच लिया है। शिवा पर पुलिस ने पांच हजार का इनाम घोषित कर दिया था। आरोप था कि शिवा अपने साथियों के साथ छात्रों के साथ छेड़छाड़ करता है। उसे लेकर चौबीसी ने गुरुवार को पंचायत की थी। पंचायत में पहुंचे केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा भी ग्रामीणों को दिलाया था। पुलिस तीन आरोपितों की धरपकड़ को पुलिस लगी है। कस्बे में तीन जुलाई एक गांव निवासी छात्रा स्कूल की छुट्टी के बाद अपने सहेलियों संग ट्यूशन पढ़ने जा रही थी। छबड़िया रोड पर आरोपितों ने छात्रा से छेड़छाड़ की थी। विरोध करने पर मारपीट भी की थी। आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर छात्रा के गांव में कई बार पंचायत हुई थी। गुरुवार को गांव में चौबीसी ने पंचायत कर केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान से आरोपितों को पकड़ने व उन पर इनाम रखने की मांग थी। देर शाम एसएसपी रोहित सिंह साजवाण ने आरोपितों पर पांच हजार रुपये का इनाम रख दिया था। इंस्पेक्टर क्राइम शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपित शिवा को मेरठ में कचहरी के गेट नंबर तीन से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित कोर्ट में सरेंडर करने जा रहा था। उन्होंने कहा कि अन्य आरोपित भी जल्द पकड़े जाएंगें।