HBSE Haryana 10th Result 2018: जारी हुआ 10वीं का परिणाम, जींद के कार्तिक ने मारी बाजी
हरियाणा बोर्ड की 10वीं की परीक्षा के परिणाम संभवत: आज जारी कर दिये गए हैं। 10वीं की परीक्षा में जींद के कार्तिक ने राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। हरियाणा में जिन छात्रों ने इस साल 10वीं की परीक्षा दी है उनके रिजल्ट की घोषणा आज कर दी गई है। हरियाणा बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन ने 10वीं की परीक्षा का परिणाम एक तय समय के अंदर घोषित कर दिया है। बढ़ते तापमान के साथ ही छात्रों में परीक्षा परिणाम को लेकर तनाव भी वैसे ही बढ़ रहे हैं। इसलिए छात्रों से आग्रह है कि वे अपने रिजल्ट को लेकर ज्यादा हतोत्साहित ना हों। जरूरी है वे अफवाहों पर ध्यान ना दें और खुद पर भरोसा रखें।
इस साल हरियाणा में 10वीं की परीक्षा 8 मार्च से शुरू हुई और 31 मार्च तक चली थी। इनके परिणाम जारी होते ही इन छात्रों का भविष्य तय हो जाएगा। छात्रों को बता दें कि रिजल्ट की घोषणा होते ही इसके आधिकारिक वेबसाइट bseh.org.in पर ऑनलाइन कर दिया गया है।
शैक्षिक का परिणाम 51.15 फीसद रहा, जबकि स्वयंपाठी का परिणाम 66.2 फीसद रहा। इस परीक्षा में भी लड़कियों ने बाजी मारी। लड़कियों का पास प्रतिशत 55.34, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 47.61 रहा।
जींद के कार्तिक ने मारी बाजी
परीक्षा में नवदुर्गा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जींद के कार्तिक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्तिक ने 498 अंक हासिल किए। दूसरे स्थान पर सेलीना यादव (जीवन ज्योति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय), सोनाली (सरस्वती उच्च विद्यालय सिरसा), हरिओम (बाल विद्या निकेतन, पलवल) रहे। तीसरे स्थान पर रिया (एसएमबी गीता वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अंबाला), प्रीती (पारस वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय महेंद्रगढ़) और जिज्ञासा (टैगोर स्कूल देवी मूर्ति कालोनी) ने हासिल किया।
हरियाणा के शिक्षा मंत्री ने कहा-
परीक्षा परिणाम की घोषणा हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने की। उन्होंने परिणामों पर संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर बोर्ड अध्यक्ष डॉक्टर जगबीर सिंह भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश में शिक्षा का स्तर ऊंचा उठाने के लिए कृतसंकल्पित है। इसी का परिणाम है कि परीक्षा में पूरी तरह से पारदर्शिता बरती गई। उन्होंने मेरिट में आने वाले बच्चों व उनके अभिभावकों को बधाई दी।
छात्र अपने परिणाम जानने के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और एजुकेशन बोर्ड भिवानी हरियाणा एप से भी जान सकते हैं। इसके अलावा रिजल्ट की लेटेस्ट जानकारी के लिए जागरण की एजुकेशन वेबसाइट jagranjosh का रुख भी छात्र कर सकते हैं। रिजल्ट देखने के लिए नीचे दिए स्टेप्स को फॉलो करना होगा।
ऐसे चेक करें अपना रिजल्ट
-10वीं का रिजल्ट जानने के लिए haryana10.jagranjosh.com साइट विजिट करें।
-नीचे दिए गए बॉक्स में पूछे गए जानकारियों को भरें।
-सबमिट के बटन पर क्लिक करें रिजल्ट सामने होगा।
-रिजल्ट को डाउनलोड कर इसका प्रिंटआउट ले सकते हैं।
हरियाणा बोर्ड
बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन हरियाणा भिवानी की स्थापना 1969 में चंडीगढ़ में हुई थी। बोर्ड ने पहली 10वीं की परीक्षा 1970 में आयोजित की थी, जबकि पहली 12वीं की परीक्षा 1976 में आयोजित की थी। राज्य में शिक्षा के स्तर में सुधार लाने के लिए इस बोर्ड की स्थापना की गई थी।