Lucknow में स्वतंत्रता दिवस का उल्लास, तिरंगा रंग में नहाया शहर; आकर्षक सजावट देखने उमड़ रही भीड़
स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाने के लिए हर कोई उल्लासित है। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत चारों तरफ आकर्षक सजावट किए गए हैं। विधान भवन के सामने झंडारोहण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा को लेकर कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।
लखनऊ, जागरण संवाददाता। स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाने के लिए हर कोई उल्लासित है। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत चारों तरफ आकर्षक सजावट किए गए हैं। विधान भवन के सामने झंडारोहण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा को लेकर कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। हर तरफ तिरंगा लहरा रहा है और आजादी के गीत बज रहे हैं।
सोमवार को सुबह नौ बजे एक साथ राजधानीवासी राष्ट्रगान गाएंगे। सुबह आठ बजकर 58 मिनट पर सायरन बजेगा। इसके साथ ही यातायात थम जाएगा और हर तरफ राष्ट्रगान गुंजायमान होगा। आजादी की 75वीं वर्षगांठ उत्साह और उम्मीदों की नई उमंगों के साथ पंरपराओं की भी साक्षी बनेगी। पहली बार गणतंत्र दिवस की तर्ज पर स्वतंत्रता दिवस पर विधान भवन परिसर के बाहर तिरंगा फहराएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ झंडारोहण कर शुभारंभ करेंगे। इस दौरान आठ हजार गणमान्य अतिथि इस पल के साक्षी बनेंगे। स्वतंत्रता दिवस पर होने वाले आयोजन के दौरान 57 समूह पारंपरिक वेषभूषा में शामिल होंगे। पहली बार सचिवालय और अन्य विभागों के कर्मचारियों को निमंत्रण दिया गया है। सभी सरकारी भवनों पर फसाड लाइट लगाई गई है।
गणतंत्र दिवस की तरह ही इस बार बापू भवन से हजरतगंज चौराहे तक मुख्य आयोजन होंगे। विधान भवन के बाहर विशिष्ट अतिथियों के साथ ही आम नागरिकों के लिए भी बैठने की व्यवस्था की गई है। सोमवार को सभी सरकारी भवनों पर झंडारोहण किया जाएगा।
इसके बाद शाम को रिजर्व पुलिस लाइन में बलिदानियों के परिवारजन के साथ अधिकारी भोजन करेंगे। इस दौरान परिवारजन को सम्मानित भी किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पीएसी और जल पुलिस के जवान शहीद स्मारक से लक्ष्मण मेला पार्क तक गोमती नदी में नौका तिरंगा मार्च भी निकालेंगे।
निश्शुल्क देख सकेंगे फिल्म : स्वतंत्रता दिवस पर मल्टीप्लेक्स में फ्री फिल्में भी लोग देख सकेंगे। कुल 12 मल्टीप्लेक्स में इन फिल्मों को विशेष रूप से दिखाया जाएगा। लोग राकेटरी और मैच आफ लाइफ फिल्म देख सकेंगे।
प्रशासन की ओर से गोमतीनगर के आइनाक्स रिवर साइट मल्टीप्लेक्स, उमराव, चिनहट स्थित आइनाक्स, गोमतीनगर विस्तार स्थित आइनाक्स फिनिक्स प्लासियो, तेलीबाग स्थित आइनाक्स गार्डेन गलेरिया, पीवीआर फिनिक्स, सहारागंज, सिंगापुर माल, फन रिपब्लिक, सिनेपालिस और वेव माल समेत अन्य मल्टीप्लेक्स में ये फिल्में दिखाई जाएंगी।