लुधियाना में मारपीट की घटनाओं में महिला समेत 8 लोग घायल, 51 लोगों पर केस दर्ज; तीन गिरफ्तार
लुधियाना में मारपीट की 5 घटनाओं में महिला समेत 8 लोग घायल हो गए। संबंधित थानों की पुलिस ने 51 लोगों के खिलाफ 5 केस दर्ज करके उनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। शहर में विभिन्न जगहों पर हुई मारपीट की 5 घटनाओं में महिला समेत 8 लोग घायल हो गए। संबंधित थानों की पुलिस ने 51 लोगों के खिलाफ 5 केस दर्ज करके उनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।
थाना बस्ती जोधेवाल पुलिस ने कैलाश नगर रोड निवासी रवि कुमार की शिकायत पर शिमला कालोनी की गली नंबर 2 निवासी मंगा, शिव पुरी रोड निवासी निखिल तथा पठानकोट के पटेल चौक निवासी आर्यन के खिलाफ केस दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार किया। अपने बयान में उसने बताया कि 12 अगस्त की रात 9 बजे कैलाश नगर रोड पर आरोपितों ने उसके स्कूटर में अपना मोटरसाइकिल मार कर उसे गिरा दिया। उसके बाद तेजधार हथियारों से हमला कर उसे घायल कर फरार हो गए। बाद में पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया।
थाना डाबा पुलिस ने गुरु नानक नगर निवासी जगमोहन सिंह की शिकायत पर उसी इलाके में रहने वाले सतपाल सिंह, गोल्डी, वकील, डीसी तथा मनी के खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि 13 अगस्त को उसका मनी सिंह के साथ झगड़ा हुआ था। उसी रंजिश में अगले दिन आरोपितों ने उसके घर में घुस कर उस पर, उसकी मां सुखविंदर कौर, पिता कुलवंत सिंह तथा भाई पर हमला कर दिया। मारपीट कर घायल करने के बाद वो उसे जान से मारने की धमकियां देते फरार हो गए।
थाना शिमला पुरी पुलिस ने प्रीत नगर की गली नंबर 45 निवासी भूपिंदर सिंह की शिकायत पर महेश कुमार, गगनदीप एप्पल, साजन, रवि, गोरा मखन, अमित बांसल तथा उनके 25 अज्ञात साथियों पर केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि 9 अगस्त को आरोपित महेश कुमार के साथ झड़प हो गई थी। जिस पर उसने अपने साथियों को बुला कर उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। मारपीट कर घायल करने के बाद वो उसे जान से मारने की धमकियां देते फरार हो गए।
थाना हैबोवाल पुलिस ने गुरु हरगोबिंद नगर की गली नंबर 5 निवासी मोहम्मद जफरुल की शिकायत पर उसी इलाके में रहने वाले मोहम्मद वसीम, मोहम्मद रिजवान तथा प्रीतम नगर निवासी मोहम्मद नियाज के खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि पैसों के लेन देन को लेकर 11 अगस्त के दिन आरोपितों ने उसके बहनोई मोहम्मद वासील तथा उस पर हमला कर दिया। मारपीट कर घायल करने के बाद वो उसे जान से मारने की धमकियां देते फरार हो गए।
थाना कूमकलां पुलिस ने गांव नीलों कलां निवासी परमिंदर सिंह की शिकायत पर उसी गांव के सरपंच बेचित सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि 11 अगस्त के दिन वो अपनी बहन के साथ कटाणी कलां स्थित अस्पताल से दवा लेने के लिए गया था। जहां अपने साथियों समेत पहुंचे आरोपित ने यह बोल कर उस पर हमला कर दिया कि वो गांव में उसके खिलाफ गाली गलौज करता है। वो उसे घसीटते हुए अस्पताल से बाहर ले गया। आरोपित ने उसकी बहर के साथ भी गाली गलौज किया।