NEP 2020: प्रधानमंत्री नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत '21वीं सदी में स्कूली शिक्षा' पर सम्मेलन को करेंगे संबोधित
NEP 2020 शिक्षा मंत्रालय 10 सितंबर और 11 सितंबर 2020 को शिक्षा पर्व के एक भाग के रूप में इस दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन कर रहा है।
NEP 2020: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल, यानी 11 सितंबर 2020 को नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति, 2020 (NEP 2020) के तहत '21 वीं सदी में स्कूली शिक्षा' पर एक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कल सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फरेंसिंग के माध्यम से सम्मलेन को संबोधित करेंगे। इस संबंध में न्यूज एजेंसी एएनआई द्वारा ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर जानकारी दी गई है।
बता दें कि शिक्षा मंत्रालय 10 सितंबर और 11 सितंबर, 2020 को शिक्षा पर्व के एक भाग के रूप में इस दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। इससे पहले, प्रधानमंत्री ने 7 अगस्त, 2020 को नई शिक्षा नीति 2020 के तहत उच्च शिक्षा में परिवर्तनकारी सुधार लेकर सम्मलेन के उद्घाटन पर संबोधित किया था। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, 21वीं सदी की पहली शिक्षा नीति है, जिसे पिछली शिक्षा नीति 1986 के 34 साल बाद घोषित किया गया है।
नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को आगे बढ़ाने और शिक्षकों को सम्मानित करने के उद्देश्य से 8 सितंबर से 25 सितंबर, 2020 तक शिक्षा पर्व मनाया जा रहा है। देश भर में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के विभिन्न पहलुओं पर वेबिनार और वर्चुअल सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। एनईपी 2020 के तहत स्कूल और उच्च शिक्षा दोनों स्तरों पर बड़े सुधारों की ओर ध्यान दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, यह भारत केंद्रित शिक्षा प्रणाली को लागू करता है, जो भारत को वैश्विक महाशक्ति में बदलने में सीधे तौर पर योगदान देगा।