Move to Jagran APP

CBSE 12th Result 2020: गुरुग्राम की टॉपर्स ने बताया कैसे मिली सफलता, फाइनेंस के क्षेत्र में जाना चाहती हैं तान्या

CBSE 12th Result Gurugram Topper List तान्या के मुताबिक उन्हें शुरू से यह इच्छा थी कि वे फाइनेंस के क्षेत्र में जाएं।

By Mangal YadavEdited By: Published: Mon, 13 Jul 2020 05:35 PM (IST)Updated: Mon, 13 Jul 2020 05:42 PM (IST)
CBSE 12th Result 2020: गुरुग्राम की टॉपर्स ने बताया कैसे मिली सफलता, फाइनेंस के क्षेत्र में जाना चाहती हैं तान्या
CBSE 12th Result 2020: गुरुग्राम की टॉपर्स ने बताया कैसे मिली सफलता, फाइनेंस के क्षेत्र में जाना चाहती हैं तान्या

गुरुग्राम [प्रियंका दुबे मेहता]। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बारहवीं कक्षा के परिणामों की घोषणा सोमवार को की। शहर के विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अंक अर्जित किए। दिल्ली पब्लिक स्कूल की छात्रा दिशा मुखर्जी ने ह्यूमैनिटीज (कला संकाय) में 99 प्रतिशत अंक प्राप्त किए और स्कूल में पहले स्थान पर रहीं।

loksabha election banner

साइकोलॉजी यानि मनोविज्ञान दिशा का पसंदीदा विषय है और वे इसी क्षेत्र में आगे की पढ़ाई करना चाहती हैं।

विषयवार               अंक 

मनोविज्ञान -           100

भूगोल -                  99

फ्रेंच -                     99

राजनीतिक विज्ञान - 99

अंग्रेजी -                98

कुल प्रतिशत अंक - 99

अनुशासन से मिली सफलता

दिशा ने शुरुआत से ही लक्ष्य तय कर लिया था कि उन्हें अच्छे अंक लाने हैं। चाहे कुछ भी हो, उन्होंने समय सारिणी बनाकर नियमित पढ़ाई का सिलसिला कभी टूटने नहीं दिया। उनका कहना है कि किसी भी क्षेत्र में सफलता अनुशासन के साथ की गई मेहनत से मिलती है।

साहित्य और संस्कृति में रुचि

डीएलएफ फेज पांच निवासी दिशा को अलग-अलग लेखकों की किताबें पढ़ने का शौक बचपन से है। इसके अलावा नृत्य और कुकिंग का भी शौक है जिसके चलते वे हमेशा किचन में मां का हाथ बंटाती हैं। वे ब्लॉग से लेकर विभिन्न जर्नल में भी समसामयिक मुद्दों पर आलेख लिखती हैं।

माता-पिता और स्कूल का सहयोग

दिशा अपनी सफलता का श्रेय माता पिता और स्कूल शिक्षकों के साथ-साथ अपने दोस्तों को भी देती हैं। उनका कहना है कि कभी किसी ने उनपर अपेक्षाओं का बोझ नहीं डाला। शिक्षकों ने हर समय उनकी मदद की और उनकी समस्याओं के समाधान दिए। पिता जयदेब मुखर्जी और मां पूनम मुखर्जी बेटी की इस सफलता से खुश हैं और उनका कहना है कि शुरुआत से ही पढ़ाई में अव्वल रहने वाली दिशा ने परीक्षाओं के लिए जीतोड़ मेहनत की थी।

मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करने का लक्ष्य

वैसे तो मनोविज्ञान दिशा का पसंदीदा विषय रहा है, लेकिन हाल में उन्होंने इतने मामले देखे कि देश के विभिन्न हिस्सों से जिस तरह अवसाद और तनाव के भयावह परिणाम देखने को मिल रहे हैं ऐसे में उन्होंने सोचा कि वे इसी क्षेत्र में काम करेंगी और देश से इस समस्या को दूर करने में सहयोग देंगी। इसके लिए वे आगे की पढ़ाई लेडी श्रीराम कॉलेज से करना चाहती हैं।

फाइनेंस के क्षेत्र में जाना चाहती हैं तान्या

सलवान पब्लिक स्कूल की छात्रा तान्या गुप्ता ने विज्ञान संकाय में 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में पहले स्थान पर रहीं। उन्होंने बताया कि पढ़ाई में निरंतरता ने उन्हें यह सफलता दिलवाई।

विषयवार               अंक 

गणित -                99

इकोनॉमिक्स -       99

कैमेस्ट्री -              98

इंग्लिश -              98

पेंटिंग -                 99

कुल प्रतिशत अंक - 98.6

डीएलएफ फेज पांच निवासी तान्या गुप्ता सलवान पब्लिक स्कूल की छात्रा हैं। बारहवीं कक्षा में विज्ञान संकाय में इन्होंने 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त करके स्कूल में पहला स्थान प्राप्त किया है। तान्या आगे की पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय से करना चाहती हैं और फाइनेंस के क्षेत्र में करियर बनाने का लक्ष्य बनाया हुआ है।

नियमित पढ़ाई ने बनाया टॉपर

तान्या गुप्ता ने लगातार सात से आठ घंटे की नियमित पढ़ाई की। उनका कहना है कि वे पढ़ाई को बतौर शौक लेती हैं। यही वजह है कि वे अन्य चीजों में समय देने की बजाए पढ़ाई ही करती थी। उन्होंने हमेशा यही चाह रखी कि हर क्षेत्र विषय को गहराई से जानें, ऐसे में अंकों के लिए नहीं बल्कि अपने ज्ञान को बढ़ाने के लिए गहराई से चीजों को समझने पर जोर दिया।

विषयों को लेकर रही उलझन

तान्या के मुताबिक उन्हें शुरू से यह इच्छा थी कि वे फाइनेंस के क्षेत्र में जाएं। उन्होंने ग्यारहवीं में विषय चुनते हुए भी काफी परेशानी हुई और अंत में साइंस लिया। बाद में करियर काउंसलिंग ली तो पता लगा कि साइंस के साथ इकोनॉमिक्स लेकर वे अपने पसंदीदा क्षेत्र में जा सकती हैं। ऐसे में उन्होंने अर्थशास्त्र के साथ विज्ञान विषयों की पढ़ाई की।

माता-पिता ने नहीं डाला दबाव

तान्या के पिता नितिन गुप्ता और मां प्रिया गुप्ता अलग-अलग बहुराष्ट्रीय कंपनियों में प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत हैं। तान्या के मुताबिक माता पिता ने कभी यह नहीं कहा कि उन्हें इतने अंक लाने ही हैं। उन्होंने तनाव के पलों में संबल दिया और बिना फल की इच्छा किए मेहनत करते रहने को कहा। तान्या ने बताया कि स्कूल शिक्षकों से भी उन्हें लगातार सहयोग मिला है।

फुर्सत के क्षणों में संगीत सुनना है पसंद

वैसे तो स्कूल की बेहतरीन वॉलीबॉल खिलाड़ी रहीं हैं लेकिन तान्या को संगीत सुनना सबसे अधक पसंद है। तनावमुक्ति और एकरसता को दूर करने के लिए अच्छे बोल वाले गीत सुनना पसंद करती हैं। सप्ताहांत में पिता के साथ किचन में अपनी पाककला की प्रतिभा भी दिखाती हैं। तान्या को किताबें पढ़ना भी पसंद है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.