आइसक्रीम टेस्टर के तौर पर बनाएं करियर, शुरूआत में ही मिलेगी अच्छी सैलरी
आइसक्रीम टेस्टर को टेस्टमास्टर्स या फूड साइंटिस्ट या सेंसरी एनालिस्ट या फिर फ्लेवरोलॉजिस्ट्स के नाम से भी जाना जाता है।
नई दिल्ली, जेएनएन। आज की पीढ़ी अपने मन का काम करने पर काफी जोर देती है। ऐसा काम जिसमें पैसे भी हों और मजा भी आए। जैसे कि आइस्क्रीम टेस्टर की जॉब। इसमें टेस्ट करें आइसक्रीम और बनाएं अपनी खास पहचान...
आइसक्रीम टेस्टर को टेस्टमास्टर्स या फूड साइंटिस्ट या सेंसरी एनालिस्ट या फिर फ्लेवरोलॉजिस्ट्स के नाम से भी जाना जाता है। उन्हें रोजाना कुछ सैंपल्स चेक करने होते हैं। टेक्सचर, कलर, स्मेल एवं अन्य मापदंडों पर हर फ्लेवर की क्वालिटी का मूल्यांकन करना होता है। इन्हें आइसक्रीम के नए फ्लेवर्स एवं प्रोडक्ट्स भी तैयार करने पड़ सकते हैं। इसलिए जिन्हें आइसक्रीम से लगाव व प्रेम है, वे इस काम के लिए बेहद मुफीद साबित हो सकते हैं। इसे पार्टटाइम करना चाहें, तो वह भी कर सकते हैं।
स्किल्स
इस क्षेत्र में सफलता की कुंजी है आपका टेस्ट। इसके अलावा जितने कल्पनाशील होंगे, उतना अच्छा। इससे आप नए-नए टेस्ट के फ्लेवर को इंवेंट करने में मदद कर सकेंगे। इतना ही नहीं, आपमें धैर्य भी होना चाहिए क्योंकि कई बार एक आइसक्रीम टेस्टर को दिन में कई-कई प्रकार की आइसक्रीम चखनी पड़ती है। कई बार टेस्ट खराब हो सकता है। ऐसे में आपका धैर्यशील होना बेहद जरूरी है। यह क्षेत्र उतना आसान नहीं है, जितना सुनने में लगता है। आइसक्रीम कई बार चखने के कारण आपके वजन बढ़ने का खतरा हो सकता है या तबियत खराब हो सकती है। इसके लिए उचित परहेज एवं एहतियात जरूरी है।
शैक्षिक योग्यता
इस क्षेत्र में कदम रखने के लिए अलग से आइसक्रीम टेस्टर का कोर्स तो फिलहाल उपलब्ध नहीं है। लेकिन 12वीं के बाद फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी में बैचलर डिग्री प्राप्त कर इसमें आ सकते हैं। इसके साथ ही किसी फूड टेस्टिंग सर्वे या कॉम्पिटिशन में भाग लेना फायदेमंद हो सकता है। किसी बड़ी आइसक्रीम निर्माता कंपनी में इंटर्नशिप करके खुद को इस फील्ड के लिए तैयार कर सकते हैं।
सैलरी
एक आइसक्रीम टेस्टर को शुरुआत में 30 से 50 हजार महीने आसानी से मिल जाते हैं। अनुभव बढ़ने के साथ आमदनी लाखों में हो सकती है।
व्यापक संभावनाएं
संभावनाओं की बात करें, तो आज देश ही नहीं, बल्कि विदेश में भी एक प्रोफेशनल आइसक्रीम टेस्टर की अच्छी डिमांड है। कई प्रतिष्ठित आइसक्रीम निर्माता कंपनियां इस तरह के मौके दे रही हैं। कई होटल व फूड चेन भी खुद को स्थापित करने के लिए अपनी खुद की आइसक्रीम बनाती हैं। वहां भी काम की संभावनाएं हैं।