बुलेट पर पटाखे बजाने को लेकर विवाद में छात्र गुटों में रंजिश, फायरिंग से फैलाई दहशत
यमुनानगर में दो छात्र गुटों में बुलेट पटाखे बजारे पर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि फायरिंग शुरू हो गई जिससे दहशत फैल गई। एक आरोपित को सीआइए टू की टीम ने किया गिरफ्तार रिमांड पर है।
यमुनानगर, जागरण संवाददाता। यमुनानगर में दो छात्र गुट में विवाद हो गया। देखते ही देखते एक ने फायरिंग भी शुरू कर दी। बाद में लालद्वारा के पास दो गुटों के बीच झगड़े में फायरिंग करने के आरोपित सरोजनी कालोनी निवासी धनंजय राणा को सीआइए टू की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित धनंजय की छोटी लाइन निवासी मयंक मेहता के साथ रंजिश चल रही है। दोनों कालेज के छात्र हैं।
बुलेट पर पटाखे बजाने को लेकर इनके बीच पहले भी झगड़ा हो चुका था। जिसको लेकर ही रंजिश चल रही है। सीआइए टू से जांच अधिकारी एएसआइ राजकुमार ने बताया कि आरोपित से हथियार बरामद करना है। उसे रिमांड पर लिया गया है। आरोपित के साथी की भी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, लालद्वारा के सामने एक एजेंसी के पास दो गुटों के बीच झगड़ा हो गया था। जिसमें दो राउंड फायर भी हुए। पुलिस घटनास्थल पहुंची, तब तक दोनों गुट के लोग फरार हो चुके थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की, तो पता लगा कि फायरिंग धनंजय ने की है।
जांच के दौरान पता लगा कि धनंजय का मयंक मेहता के साथ विवाद चल रहा है। कई दिन से उनके बीच झगड़े हो रहे हैं, लेकिन किसी भी पक्ष ने पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी थी। शुक्रवार की शाम को दोनों गुट फिर से आमने सामने हो गए थे। यहीं पर धनंजय ने फायरिंग की। जिससे दहशत फैल गई। इस मामले में पुलिस की ओर से ही केस दर्ज किया गया है।
आरोपित धनंजय बीबीए का छात्र
एएसआइ राजकुमार ने बताया कि आरोपित धनंजय बीबीए का छात्र है। वह रादौर के कालेज में पढ़ रहा है। जबकि मयंक मेहता भी कालेज में पढ़ता है। दोनों गुटों के बीच बुलेट पर पटाखे बजाने व कालेज में वर्चस्व दिखाने को लेकर झगड़ा शुरू हुआ। कई बार झगड़ा हो चुका है।