पत्नी को ससुराल छोड़ घर लौट रहे बाइक सवार की मृत्यु
खटीमा में पत्नी को ससुराल छोड़ घर लौट रहे बाइक सवार की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई।
पत्नी को ससुराल छोड़ घर लौट रहे बाइक सवार की मृत्यु
संवाद सहयोगी, खटीमा : रक्षा बंधन पर्व पर पत्नी को ससुराल छोड़कर घर लौट रहे बाइक सवार युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मृत्यु हो गई। इससे स्वजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को स्वजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतक परिवार का इकलौता चिराग था।
भूड़ महोलिया गांव निवासी 32 वर्षीय पंकज सिंह राणा पुत्र हरीश बाबू शुक्रवार को रक्षा बंधन पर्व पर बाइक से पत्नी के साथ अपनी ससुराल दियां चांदपुर गया था। देर शाम को वह पत्नी को ससुराल छोड़कर घर लौट रहा था। इसी दौरान सितारगंज मार्ग पर लोहिया पुल के समीप अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरा। आसपास के लोगों ने 108 सेवा से उसे उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सक डा.अकलीम अहमद ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने देर रात को शव को मोर्चरी में रखवा दिया। शनिवार को उसके शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराया गया। जिसके बाद शव को स्वजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतक पंकज घर का इकलौता चिराग था। उसकी एक छोटी बहन कंचन राणा है। मृतक अपने पीछे पत्नी सपना देवी व पांच वर्षीय पुत्र राजनभ एवं माता-पिता को रोता-बिलखता छोड़ गया है। मृतक के चाचा ओमप्रकाश ने बताया कि पंकज अपनी पत्नी को ससुराल छोड़कर घर लौट रहा था। तभी यह हादसा हुआ।