राष्ट्र के विकास के लिए एकजुट होकर काम करें देशवासी
राष्ट्र के विकास के लिए एकजुट होकर काम करें देशवासी
राष्ट्र के विकास के लिए एकजुट होकर काम करें देशवासी
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश : नरेंद्रनगर विधानसभा की नगर कांग्रेस कमेटी ढालवाला मुनिकीरेती की ओर से भारत जोड़ो तिरंगा पदयात्रा निकाली गई। इस दौरान नागरिकों से जाति, धर्म और मजहब से ऊपर उठकर राष्ट्र के विकास के लिए एकजुट होने की अपील की गई।
रविवार को कांग्रेस कमेटी की ओर से वार्ड नंबर 10 शिव दुर्गा मंदिर से ढालवाला से तिरंगा पदयात्रा आरंभ की गई। पदयात्रा चौदह बीघा, क्रांति चौक, शीशम झाड़ी होते हुए इंदिरा गांधी प्रियदर्शनी चौक जानकी पुल पर संपन्न हुई। इस अवसर पर कांग्रेसी नेता मनीष खंडूरी व प्रदेश महासचिव विजय गुनसोला ने कांग्रेस पार्टी के 137 साल के गौरवशाली इतिहास पर चर्चा करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश को सशक्त करने, आम गरीब जनता को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा के साथ रोजगार देने का काम किया। पूर्व दायित्वधारी रमेश उनियाल व नीरज त्यागी ने कहा कि कांग्रेस ने देश की आजादी से लेकर आज तक हमेशा सर्व धर्म समभाव की भावना से कार्य करते हुए देश को हर स्तर पर विश्व गुरु के रूप में स्थापित करने का कार्य किया।
जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने कहा लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस पूरे देश में भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। भाजपा व आरएसएस हर घर तिरंगे की बात तो करती हैं, लेकिन आजादी के लिए अपना सर्वोच्च न्यौछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद तक नहीं करती है। इस अवसर पर सेवादल प्रदेश महासचिव नीरज त्यागी, पूर्व राज्य मंत्री रमेश उनियाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिनेश व्यास, पूर्व ब्लाक प्रमुख वीरेंद्र कंडारी, दिनेश सकलानी, दिनेश भट्ट आदि उपस्थित रहे।