Municipal Corporation Aligarh: प्रापर्टी टैक्स को लेकर जनता के साथ आए व्यापारी संगठन, बोले, नहीं होने देंगे अधिवेशन
नगर निगम की ओर से हाउस टैक्स (संपत्ति कर) में की गई वृद्धि को लेकर आक्रोश पनपता जा रहा है। महानगर के एक दर्जन से अधिक व्यापारी संगठनों ने संयुक्त व्यापार मंडल का गठन कर नगर निगम की मनमानी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता। नगर निगम की ओर से हाउस टैक्स (Property Tax) में की गई वृद्धि को लेकर आक्रोश पनपता जा रहा है। महानगर के एक दर्जन से अधिक व्यापारी संगठनों ने संयुक्त व्यापार मंडल का गठन कर नगर निगम की मनमानी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को दोपहर दो बजे रेलवे रोड समर्पण कांप्लेक्स में सभी 11 संयोजकों की बैठक बुलाई गई है। इसमें 25 अगस्त को नगर निगम के प्रस्तावित पार्षद अधिवेशन को न चलाने देने के लिए रणनीति तैयार की जाएगी। लगातार एक सप्ताह तक चरणबद्ध आंदोलन होंगे। इसमें महिलाएं भी शामिल होकर अपने घरों की चाबी डीएम को सौंपेंगी।
टैक्स में 10 गुना वृद्धि
नगर निगम ने हाउस टैक्स में पांच से 10 गुना तक वृद्धि की है। 2017 से इस नए शुल्क को वसूलने के नोटिस जारी कर दिए हैं। इंडस्ट्री एस्टेट की फैक्ट्रियों को भी घर व प्रतिष्ठान की श्रेणी में लाया गया है। मैरिस रोड स्थित जापान हाउस में दो भाइयों की एक हजार वर्ग मीटर में कोठी हैं। इसमें ओपन एरिया काफी है। अब तक पांच हजार रुपये हाउस टैक्स आता था, अब इनको पौने तीन तीन लाख रुपये जमा करने के लिए नगर निगम के कर निरीक्षक दबाव बना रहे हैं। मसूदाबाद पर पर दवा कारोबारी की चार दुकानें आवास विकास कालोनी रोड पर हैं। कारोबारी को 15 लाख रुपये हाउस टैक्स जमा करने को नोटिस दिया गया है।
Property Tax के विरोध में पार्षदों से जुटाया समर्थन
इस तरह के प्रकरणों को लेकर संयुक्त व्यापार मंडल आंदोलन छेड़ने जा रहा है। पहले सांसद व विधायकों को ज्ञापन सौंप कर व्यापारियों के साथ सड़कों पर उतरने का अनुरोध किया जा रहा है। नगर निगम के पार्षदों से संपर्क किया जा रहा है। पार्षदों को बुलाकर जनसमर्थन जुटाया जाएगा। महापौर मोहम्मद फुरकान पहले ही आमजन के साथ होने का एलान कर चुके हैं। कलक्ट्रेट पर धरना होगा। सेवा भवन में अफसरों को घेरा जाएगा।
आंदोलन के लिए सतीश माहेश्वरी, प्रदीप गंगा, मास्टर ओमप्रकाश, भूपेंद्र वार्ष्णेय, अनिल सेंचुरी, सौरभ सिक्स संस, अशोक यादव, शैलेंद्र अग्रवाल, मनोज अग्रवाल व पवन खंडेलवाल समेत 11 लोगों को संयोजक बनाया गया है। बाजारों की क्षेत्रीय इकाइयों से भी समर्थन जुटाया जा रहा है। आंदोलन श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के बाद उग्र हो सकता है।