बरेली : कार में सपा विधायक का पास लगाकर झाड़ रहा था रौब, पुलिस ने किया गिरफ्तार, पढ़िए आगे क्या हुआ
UPSC Student Arrest in Bareilly वो कर तो रहा था यूपीएससी की तैयारी लेकिन पुलिस पर झाड़ता था रौब। गाड़ी पर विधायक लिखवाकर बजाता था हूटर। दाैड़ाता था चार पहिया वाहन। करता था पुलिस को परेशान। अब पहुंच गया सलाखों के पीछे।
बरेली, जागरण संवाददाता। UPSC Student Arrest in Bareilly : बरेली में यूपीएससी (UPSC Student) की तैयारी करने वाला छात्र सलाखों के पीछे पहुंच गया। पुलिस ने किला क्षेत्र में रहने वाले नजीब को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार नजीब अपनी गाड़ी पर उत्तर प्रदेश सरकार (Uttar Pradesh Government) के लोगो के साथ विधायक लिखवाकर रौब झाड़ता था।
कावंड के समय में भी भीड़ में हूटर बजाकर तेजी से निकलता और पुलिस वालों के रोकने पर भी नहीं रुकता था। पुलिस ने जांच पड़ताल करने के बाद जेल भेज दिया है।
किला पुलिस के मुताबिक, काफी दिनों से शहर में एक लड़का फार्च्यूनर (Fortuner) गाड़ी से हूटर बजाते हुए चक्कर काट रहा था। उसकी गाड़ी पर उत्तर प्रदेश सरकार और विधायक लिखा हुआ था। कावंड़ के समय में भी कई बार इसने हूटर बजाकर कांवड़ियों को इस साइड कर दिया। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो भी नहीं रुका।
शक होने पर गाड़ी के नंबर से उसकी डिटेल निकाली गई। पुलिस उस वक्त हैरत में पड़ गई जब पता चला कि विधायक लिखवाकर गाड़ी से चलने वाले युवक का नाम नजीब है और वह किला थाना क्षेत्र के जखीरा का रहने वाला है। जब उसके घर पर पुलिस पहुंची उस वक्त भी उसने पुलिस के साथ काफी रौब झाड़ा।
जांच पड़ताल में पता चला कि युवक के मौसा अल्ताफ उर्फ बब्बू शाहबाद के सपा (Samajwadi Party) से पूर्व विधायक थे। मौजूदा समय में वह चेयरमैन है। इसके बाद पुलिस ने उसे दूल्हे मियां की मजार के पास गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह रौब झाड़ने के लिए ऐसा करता है।
माता-पिता प्रधानाचार्य के पद से सेवानिवृत्त
पूछताछ में नजीब ने बताया कि उसके माता-पिता प्रधानाचार्य के पद से सेवानिवृत्त है। वह खुद यूपीएससी की तैयारी कर रहा है। इस पर पुलिस ने उसे फटकार लगाई। नजीब पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।